स्कॉटिश मनी ट्री: इस पेड़ पर फलों की जगह जड़े हैं हजारों सिक्के, आखिर क्यों?

यूनाइटेड किंगडम के स्कॉटिश हाइलैंड में स्थित 'मनी ट्री' अपनी अनोखी बनावट और लोकमान्यताओं के कारण दुनियाभर के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

न्यूर्याक: “क्या पैसे पेड़ पर उगते हैं?” आमतौर पर यह वाक्य बच्चों को खर्च कम करने और पैसों की अहमियत समझाने के लिए कहा जाता है। हालांकि यूनाइटेड किंगडम में एक ऐसा अनोखा पेड़ मौजूद है, जिसे देखकर यह कहावत कुछ हद तक सच लगने लगती है। यहां स्कॉटिश हाइलैंड क्षेत्र में स्थित यह पेड़ लोगों के बीच “मनी ट्री” के नाम से प्रसिद्ध है और वर्षों से पर्यटकों व जिज्ञासुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पहली नजर में यह पेड़ किसी साधारण पुराने वृक्ष जैसा दिखाई देता है, लेकिन पास जाने पर इसकी अनोखी पहचान सामने आती है। इसके तने और शाखाओं में हजारों सिक्के जड़े हुए दिखाई देते हैं। ऐसा प्रतीत होता है मानो पेड़ पर पत्तियों के स्थान पर सिक्के उग आए हों। यही अनोखा दृश्य हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।

इस पेड़ से जुड़ी कई मान्यताएं और लोककथाएं प्रचलित हैं। लोगों का विश्वास है कि यदि कोई व्यक्ति इस पेड़ में सिक्का लगाकर कोई मनोकामना मांगता है, तो उसकी इच्छा पूरी हो सकती है। कई प्रेमी जोड़े भी यहां पहुंचकर सिक्के लगाते हैं और मानते हैं कि इससे उनके रिश्तों में मजबूती आती है तथा वैवाहिक जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। कुछ लोग इसे सौभाग्य का प्रतीक मानते हैं, जबकि कई लोग इसे आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ा हुआ स्थान बताते हैं। इस रहस्यमयी पेड़ के साथ कुछ डरावनी कहानियां भी जुड़ी हुई हैं। स्थानीय लोगों के बीच ऐसी मान्यताएं भी सुनने को मिलती हैं कि इस वृक्ष पर आत्माओं का निवास है और सिक्के चढ़ाकर उन्हें शांत किया जाता है।

हालांकि इन दावों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है, लेकिन ऐसी कथाएं इस पेड़ की लोकप्रियता और रहस्य को और बढ़ा देती हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस पेड़ पर केवल ब्रिटेन के ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के सिक्के लगे हुए हैं। इससे इसकी अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पर्यटक यहां पहुंचकर अपनी इच्छाएं व्यक्त करते हैं और स्मृति के रूप में सिक्के जड़ देते हैं। माना जाता है कि पेड़ में कुछ अत्यंत पुराने सिक्के भी मौजूद हैं, जो इसे ऐतिहासिक दृष्टि से भी रोचक बनाते हैं। भारत में भी हिमाचल प्रदेश के चूड़धार क्षेत्र में एक ऐसा पेड़ देखने को मिलता है, जिसमें बड़ी संख्या में सिक्के जड़े हुए हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.