रांची : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अपने रांची स्थित आवास की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में योजना की विशेषताओं और लाभों की जानकारी देते हुए लोगों से इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
Read More : रांची पहुंचे कांग्रेस प्रभारी के. राजू, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, सुबोध कांत सहाय का मनाया जन्मदिन
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और सौर ऊर्जा अब जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है।
सरकार दे रही आकर्षक सब्सिडी
संजय सेठ ने बताया कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए केंद्र सरकार आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि इससे बिजली बिल में कमी आएगी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही कोयला और अन्य पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को 1 किलोवाट क्षमता तक के सोलर सिस्टम पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट तक 60,000 रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर सिस्टम पर अधिकतम 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
Read More : CCL की पहल से डकरा में खुला केंद्रीय विद्यालय, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया उद्घाटन
अतिरिक्त बिजली बेचकर भी हो सकती है आय
संजय सेठ ने कहा कि आज किसान सौर ऊर्जा के जरिए सिंचाई कर रहे हैं और आम नागरिक अपने घरों में बिजली उत्पादन कर बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 300 यूनिट तक मासिक बिजली खपत वाले परिवार अपनी जरूरत के अनुसार बिजली उत्पादन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आय अर्जित करने का भी अवसर मिलता है। अंत में उन्होंने लोगों से अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना बिजली बचाने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Read More : रामगढ़ में आर्मी जवान से मारपीट का आरोप, होटल मालिक समेत कई लोगों पर FIR दर्ज




