पटना : बिहार की राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मेन रोड से सटे जुडियो मॉल के पास स्थित ‘कुसुम इनफिनिटी’ अपार्टमेंट में की गई इस छापेमारी के दौरान NIA ने एक मोस्टवांटेड संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। वहीं, रेड के दौरान घबराकर स्कूटी से भाग रहे एक अन्य शख्स को 20 लाख रुपये नकद के साथ एसटीएफ (STF) और स्थानीय पुलिस ने धर दबोचा।
Read More : रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में किया बदलाव, देखें पूरी लिस्ट
कुसुम इनफिनिटी के फ्लैट 609 से मोस्टवांटेड गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार, NIA की टीम ने कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या-609 में दबिश देकर आतंकी मॉड्यूल में शामिल एक मोस्टवांटेड युवक को हिरासत में लिया। NIA की टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान टीम गलती से दूसरे फ्लैट में भी दाखिल हो गई थी।
स्कूटी की डिक्की से मिले 20 लाख रुपये, IT विभाग को दी गई सूचना
NIA की टीम को अचानक देखकर दूसरे फ्लैट का रहने वाला व्यक्ति घबरा गया और लिफ्ट से नीचे उतरकर भागने लगा। अपार्टमेंट के बाहर मुस्तैद एसटीएफ और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस ने उसे तुरंत घेर लिया। जैसे ही वह स्कूटी से निकलने की कोशिश कर रहा था, पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए। चित्रगुप्त नगर थाना प्रभारी शंकर झा ने बताया कि पहचान पत्र के आधार पर पकड़े गए शख्स का नाम अनमोल कुमार मोदी है, जो पूर्वी चंपारण जिले के चकिया वार्ड नंबर-7 का निवासी है।
पैसों के स्रोत को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां अनमोल कुमार मोदी से हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही हैं। अब तक वह बरामद इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उपयोग को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है। मामले की जानकारी आयकर विभाग (Income Tax Department) को दे दी गई है, ताकि इस नकद राशि के टेरर फंडिंग या अवैध लेनदेन से जुड़े तारों की जांच की जा सके।






