कोलकाता/रांची : पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व रेलवे ने विभिन्न रेल मंडलों में ट्रैक रखरखाव, पावर ब्लॉक और पीक्यूआरएस (PQRS) ब्लॉक के कारण कई यात्री ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। जहां एक तरफ रखरखाव कार्यों की वजह से कई ट्रेनें रद्द और आंशिक रूप से समाप्त की गई हैं, वहीं दूसरी तरफ यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए 02024/02023 पटना-हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन का परिचालन दिसंबर 2026 तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
Read More : हेमंत सोरेन मां रूपी सोरेन को लेकर हैदराबाद रवाना, परिवार साथ
पटना-हावड़ा स्पेशल ट्रेन दिसंबर तक चलेगी, लगेंगे 11 अतिरिक्त फेरे
रेलवे प्रशासन के अनुसार, 02024 पटना-हावड़ा स्पेशल और वापसी में 02023 हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन दिसंबर तक हर रविवार को अपनी सेवाएं देगी। इस विस्तारित अवधि के दौरान दोनों दिशाओं में ट्रेन के 11-11 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार ही संचालित होगी, जिससे पटना और हावड़ा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को दुर्गा पूजा व छठ पर्व के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।
बर्द्धमान-तालित के बीच 9 सितंबर को पावर ब्लॉक, 4 ट्रेनें रद्द
पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल में बर्द्धमान और तालित स्टेशनों के बीच ट्रैक रखरखाव के लिए 9 सितंबर को रात 2:05 बजे से सुबह 5:05 बजे तक 180 मिनट का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
इसके कारण बर्द्धमान से चलने वाली ट्रेन संख्या 63505 और 63507 पैसेंजर रद्द रहेंगी।
वहीं आसनसोल से चलने वाली 63506 और 63512 पैसेंजर ट्रेनें भी पूरी तरह रद्द रहेंगी।
रांची और आद्रा मंडल में ट्रेनें आंशिक रूप से समाप्त
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल स्थित किता-सिल्ली डाउन लाइन पर पीक्यूआरएस ब्लॉक के कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी :
13503/13504 बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू : यह ट्रेन गोमो स्टेशन पर ही समाप्त होगी और वहीं से वापस बर्द्धमान के लिए खुलेगी। गोमो से हटिया के बीच इसका परिचालन बंद रहेगा।
63598/63597 आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू : यह ट्रेन मुरी जंक्शन पर समाप्त होगी और वहीं से शुरू होगी। मुरी से रांची के बीच सेवा निलंबित रहेगी।
आद्रा मंडल में 13 सितंबर तक चलने वाले संयुक्त रोलिंग ब्लॉक के कारण :
68046/68045 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू : 9, 10, 11, 12 और 13 सितंबर को रद्द रहेगी।
63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू : 10, 11 और 13 सितंबर को पूरी तरह रद्द रहेगी। जबकि 8, 9 और 12 सितंबर को इसका आद्रा में आंशिक समापन/प्रारंभ होगा (आद्रा-पुरुलिया के बीच रद्द)।
68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बराभूम मेमू : 11 और 13 सितंबर को आद्रा में ही समाप्त और प्रारंभ होगी (आद्रा-आसनसोल के बीच रद्द)।
आसनसोल-वाराणसी मेमू में बदला गया रेक
रेलवे ने जानकारी दी है कि ट्रेन संख्या 13553/13554 आसनसोल-वाराणसी-आसनसोल मेमू एक्सप्रेस 4 अक्टूबर तक 12 कोच वाली पारंपरिक आईसीएफ (ICF) रेक से चलाई जाएगी। इसमें 10 सामान्य द्वितीय श्रेणी (GS) और 2 एसएलआरडी (SLRD) कोच शामिल होंगे। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का वर्तमान रनिंग स्टेटस अवश्य जांच लें।






