देहरादून : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत उत्तराखंड लौटकर अपने होमटाउन में घर बनाना चाहते हैं। इसके लिए वह पिछले तीन साल से अच्छी और बड़ी जमीन की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें जमीन नहीं मिल पाई है। पंत ने इस मामले में उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की है। पंत फिलहाल दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ श्रीलंका में हैं। उन्होंने शनिवार तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर CM धामी को टैग करते हुए अपनी बात रखी।
पंत ने CM धामी से क्या कहा?
ऋषभ पंत ने लिखा कि वह उत्तराखंड के मूल निवासी हैं और काफी समय से यहां नहीं आ पाए हैं। उन्होंने दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश की, लेकिन रहने के लिए अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है। पंत ने कहा कि उन्हें अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है। उन्होंने CM से जमीन खरीदने में मदद करने की अपील करते हुए कहा कि आजकल साफ-सुथरी जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया है। पंत ने आगे कहा कि वह सब कुछ छोड़कर अपने मूल स्थान पर वापस आना चाहते हैं। उनका उद्देश्य उत्तराखंड के विकास में योगदान देना और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना है। उन्होंने CM से इस मामले पर ध्यान देने की अपील की और बताया कि जमीन की तलाश करते हुए तीन साल हो चुके हैं।
@pushkardhami hello sir how’s you ??? It’s a long time for me especially being local from Uttrakhand . I have been trying to buy land to shift my base from Delhi to Uttrakhand and I couldn’t find anything facilitating and big to live here I love my Uttrakhand. My humble request…
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) August 7, 2026
CM धामी ने दिया मदद का भरोसा
ऋषभ पंत की अपील पर CM पुष्कर सिंह धामी ने भी जवाब दिया। उन्होंने पंत को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार नियमों के दायरे में रहते हुए हर संभव मदद करेगी। धामी ने लिखा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड का गौरव हैं और अपने शानदार प्रदर्शन व उपलब्धियों से उन्होंने देश और दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। CM ने पंत के अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम और उत्तराखंड लौटकर योगदान देने की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंत ने जो मामला उठाया है, उसके बारे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे और नियमों के अनुसार हर संभव मदद सुनिश्चित करेंगे।
प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखण्ड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है।
आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को… https://t.co/v3iFQVpxUK
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 8, 2026
मुफ्त में जमीन नहीं चाहते पंत
ऋषभ पंत ने अपने एक अन्य ट्वीट में साफ किया कि वह जमीन मुफ्त में नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए तोहफा मिलना अच्छा होगा, लेकिन वह सरकार की तय दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं। पंत ने CM से अपील करते हुए कहा कि वह अपने ही राज्य में अपना पहला घर बनाना चाहते हैं और इस प्रक्रिया में सरकार उनकी मदद करे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि इस मामले में कैसे आगे बढ़ें।
रुड़की में हुआ है पंत का जन्म
28 साल के ऋषभ पंत का जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ है। पेशेवर क्रिकेट खेलने के लिए वह दिल्ली शिफ्ट हो गए थे। घरेलू क्रिकेट में वह दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन उत्तराखंड के साथ उनका जुड़ाव अब भी मजबूत है। पंत 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए उत्तराखंड में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कथित तौर पर 23.84 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स भरा है।
ऐसा रहा है पंत का क्रिकेट करियर
ऋषभ पंत अब तक भारत के लिए 50 टेस्ट, 31 वनडे और 76 टी20 मैच खेल चुके हैं। आईपीएल में उन्होंने 139 मैच खेले हैं। आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे पंत को लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, अब वह अगले सीजन में दिल्ली की ओर से खेलते नजर आएंगे, क्योंकि लखनऊ ने उन्हें दिल्ली के साथ 15 करोड़ रुपये में ट्रेड कर दिया है।




