हजारीबाग : हजारीबाग जिला पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़कागांव थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद एक संदिग्ध गुर्गे अंकित कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया है। 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को यह सफलता मिली है। एनकाउंटर में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टेलीग्राम चैट से खुला गैंगस्टर प्रिंस खान का कनेक्शन
बड़कागांव में एनटीपीसी (NTPC) कोयला परिवहन में लगे वाहनों पर हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने कांड संख्या 133/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। संदेह के आधार पर पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लेकर जब मोबाइल की जांच की गई, तो टेलीग्राम ऐप के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह से सीधे चैट के सबूत मिले। कड़ाई से पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात ट्रांसपोर्टिंग हाइवा पर गोलीबारी करने और प्रिंस खान गिरोह के नाम से रंगदारी/धमकी भरे पर्चे फेंकने की बात स्वीकार की।
निशानदेही पर बरामदगी के दौरान पुलिस पर दागी गोली
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और देसी बम पिपराडीह गांव के पास एक बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए हैं। जब पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर सामान बरामद करने पहुंची, तब अंकित ने एक पुलिस जवान को धक्का देकर वहां छिपे पिस्तौल से पुलिस पर ही फायर कर दिया और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे बड़कागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौके से हथियार, कारतूस और धमकी भरे पर्चे बरामद
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने एनकाउंटर और आरोपी के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा कारतूस, एक देसी बम और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि मामले को लेकर जल्द ही विस्तृत प्रेस वार्ता की जाएगी।
Read More : झारखंड समेत 11 राज्यों की कमान विनय सरावगी के हाथ, बने पूर्वांचल क्षेत्र अध्यक्ष




