झारखंड में जवाबदेह सरकार, भाजपा शासित राज्यों में अपराध पर क्यों
रांची। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने जमशेदपुर में हुई हत्या की घटना को अत्यंत दुःखद एवं जघन्य अपराध बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, उन्हें कानून के तहत कठोरतम सजा मिले तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस पार्टी इस मांग के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
श्री दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में कानून का इकबाल कायम है। राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतती। कहीं भी कोई गंभीर घटना होती है तो उस पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की जाती है। जमशेदपुर की घटना के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सरकार जवाबदेही तय करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को झारखंड पर अनर्गल बयान देने से पहले भाजपा शासित राज्यों की कानून-व्यवस्था का भी आकलन करना चाहिए। बिहार,उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, असम सहित कई भाजपा शासित राज्यों में हत्या,महिलाओं के खिलाफ अपराध, दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार जैसी घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़े भी बताते हैं कि कई भाजपा शासित बड़े राज्य गंभीर अपराधों के मामलों में शीर्ष राज्यों में शामिल रहे हैं।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर यह बताना चाहिए कि उसके शासन वाले राज्यों में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए गए हैं। झारखंड में किसी भी अपराध पर सरकार त्वरित कार्रवाई करती है, जबकि भाजपा शासित कई राज्यों में गंभीर घटनाओं के बाद भी जवाबदेही तय नहीं होती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि अपराध का कोई राजनीतिक रंग नहीं होता। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार कठोर सजा मिलनी चाहिए। राज्य सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करे और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्याय दिलाए। साथ ही भाजपा को दोहरे मापदंड छोड़कर देशभर में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर समान दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।




