धनबाद: प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे हैं। आज मंगलवार, 1 सितंबर को उन्होंने झरिया मास्टर प्लान के तहत करमाटांड़ और बेलगड़िया फेस-5 स्थित पुनर्वास स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों से सीधे संवाद कर पुनर्वास स्थल की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
बेलगड़िया पहुंचने पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, BCCL के CMD मनोज कुमार अग्रवाल और कपड़ा उद्योग की संयुक्त सचिव अलका नंदा दयाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद तरुण कपूर ने पुनर्वास स्थल का निरीक्षण किया और विस्थापित परिवारों से बातचीत की।
दौरे के दौरान अग्नि प्रभावित क्षेत्रों और पुनर्वास स्थलों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। इसके साथ ही झरिया मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की गई।
प्रधानमंत्री के सलाहकार के समक्ष रैयतों और विस्थापित परिवारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। लोगों ने जमीन के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की। मुआवजा समेत अन्य मांगों को लेकर कई रैयतों में नाराजगी भी देखने को मिली।
विस्थापित परिवारों ने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी। उनका कहना था कि पुनर्वास के बाद परिवारों के सामने रोजगार और आजीविका से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल जरूरी है।
RSP कॉलेज के स्थायीकरण का उठा मुद्दा
जनसंवाद के दौरान कुछ रैयत परिवारों ने RSP कॉलेज के स्थायीकरण का मुद्दा भी उठाया। लोगों ने कहा कि कॉलेज से बड़ी संख्या में स्थानीय छात्र-छात्राओं का भविष्य जुड़ा हुआ है। ऐसे में कॉलेज के स्थायीकरण की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए।
स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली की समस्या भी उठी
बेलगड़िया पुनर्वास स्थल में रहने वाले लोगों ने जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याओं को भी प्रधानमंत्री के सलाहकार के सामने रखा।
विस्थापित परिवारों ने जर्जर हो चुके आवासों की मरम्मत कराने की मांग की। इसके साथ ही पूर्व में पुनर्वासित परिवारों को दो आवास उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
लोगों ने पुनर्वास से जुड़ी अन्य लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान करने और विस्थापित परिवारों की मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
प्रधानमंत्री के सलाहकार के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।



