नई दिल्ली : सितंबर की शुरुआत के साथ देश में आम लोगों से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। 1 सितंबर 2026 से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर औसतन 11.50 रुपये महंगा हो गया है। वहीं मुंबई में दूध की थोक कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा LPG कनेक्शन की e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन स्टांप की जरूरत भी खत्म कर दी गई है। वहीं टाटा और हुंडई की कारें, मुंबई में CNG-PNG और हवाई ईंधन भी महंगा हुआ है।
1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर औसतन 11.50 रुपये महंगा
तेल कंपनियों ने 1 सितंबर से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में औसतन 11.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। कोलकाता में इसकी कीमत 2,872.50 रुपये से बढ़कर 2,884 रुपये हो गई है। इसके अलावा 5 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत में भी 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब इसे रिफिल कराने के लिए 764 रुपये देने होंगे। कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार का खर्च बढ़ सकता है। इसका असर चाय, नाश्ते, थाली और शादी-ब्याह की कैटरिंग की कीमतों पर पड़ने की संभावना है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2. मुंबई में दूध 9 रुपये प्रति लीटर तक महंगा
मुंबई में 1 सितंबर से थोक दूध की कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के मुताबिक थोक दर 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है। नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। वहीं तमिलनाडु में एविंस दूध के खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह कीमत 41 रुपये से बढ़कर 44 रुपये प्रति लीटर हो गई है। दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है। दूध की कीमत बढ़ने के पीछे हरे चारे, भूसे और खली के साथ पशुओं के रखरखाव और ट्रांसपोर्ट खर्च में बढ़ोतरी को कारण बताया गया है। मुंबई में थोक कीमत बढ़ने का असर खुदरा दूध की कीमतों पर पड़ सकता है। त्योहारों के मौसम से पहले दही, पनीर और मिठाई जैसे डेयरी उत्पाद भी महंगे हो सकते हैं।
3. LPG e-KYC नहीं कराई तो सब्सिडी में परेशानी
LPG सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए e-KYC कराने की आखिरी तारीख 31 अगस्त थी। तेल कंपनियों ने घरेलू LPG ग्राहकों से निर्धारित समयसीमा में यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा था। समयसीमा बीतने के बाद बायोमेट्रिक पहचान नहीं कराने वाले ग्राहकों को सब्सिडी मिलने में परेशानी हो सकती है। गैस मिलने में भी दिक्कत आ सकती है। हालांकि, e-KYC नहीं होने पर सिलेंडर की बुकिंग तुरंत बंद होगी या नहीं, यह संबंधित कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगा। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक e-KYC नहीं कराई है, उन्हें असुविधा से बचने के लिए जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
4. विदेश जाने पर बोर्डिंग पास पर स्टांप की जरूरत नहीं
भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर से इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने का नियम खत्म कर दिया गया है। अब यह प्रक्रिया डिजिटल तरीके से होगी। यात्री इमिग्रेशन के दौरान अपने फोन में ई-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे। हालांकि, पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े बाकी नियम पहले की तरह लागू रहेंगे। इस बदलाव से एयरपोर्ट पर डिपार्चर प्रक्रिया आसान होने और यात्रियों का समय बचने की उम्मीद है। इमिग्रेशन काउंटर पर भीड़ कम करने में भी इससे मदद मिल सकती है।
5. टाटा और हुंडई की कारें महंगी
1 सितंबर से टाटा मोटर्स ने अपनी गाड़ियों के सभी मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपनी कारों की कीमत में 1 प्रतिशत तक इजाफा किया है। कंपनियों ने कच्चे माल की बढ़ती कीमत, परिचालन लागत और महंगाई के दबाव को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है। सितंबर से टाटा या हुंडई की नई कार या SUV खरीदने वाले ग्राहकों को ज्यादा रकम चुकानी होगी। कीमत में वास्तविक बढ़ोतरी मॉडल और वैरिएंट के अनुसार अलग-अलग होगी। ऐसे में बुकिंग से पहले नई प्राइस लिस्ट देखना जरूरी होगा।
6. मुंबई में CNG और PNG भी महंगी
महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने 1 सितंबर की आधी रात से CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है। इसके बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं घरेलू PNG की कीमत में 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमत बढ़ने और CNG की मांग पूरी करने के लिए आयातित LNG (RLNG) पर बढ़ती निर्भरता को इसकी वजह बताया गया है। CNG की कीमत बढ़ने से मुंबई, ठाणे, रायगढ़ समेत महाराष्ट्र के 6 जिलों और कर्नाटक के 2 जिलों में करीब 13 लाख CNG वाहन चालकों का खर्च बढ़ सकता है। PNG की कीमत बढ़ने से मुंबई और आसपास के करीब 30 लाख परिवार प्रभावित हो सकते हैं।
7. हवाई ईंधन महंगा, बढ़ सकता है टिकट का किराया
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच देश में ATF यानी हवाई ईंधन की कीमत लगातार दूसरे महीने बढ़ाई गई है। ATF की कीमत में 6.28 रुपये प्रति लीटर यानी 5.46 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद कीमत 115 रुपये से बढ़कर 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गई है। किसी एयरलाइन के कुल कामकाजी खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी करीब 35 से 40 प्रतिशत तक होती है। ऐसे में ATF महंगा होने से विमान कंपनियों की ऑपरेटिंग कॉस्ट बढ़ सकती है। कंपनियां इस बढ़े हुए खर्च का बोझ यात्रियों पर डाल सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में हवाई टिकट महंगे होने की संभावना है।



