डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्री राधाष्टमी महोत्सव के अवसर पर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह काआयोजन 20 सितंबर से 26 सितंबर तक किया जाएगा। कथा प्रतिदिन अपराह्न 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि कथा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में वृंदावन की सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी गोपिका श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगी। कथा के प्रथम दिवस 20 सितंबर, रविवार को श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य के साथ भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन चरित्र प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
also read : बाबूलाल मरांडी ने भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में सरकार द्वारा अदालत में लगातार बदलते हलफनामे पर उठाए सवाल
कथा के दौरान भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजनों के साथ भगवान की लीलाओं पर आधारित सजीव झांकियों की मनोहारी प्रस्तुति भी होगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन के प्रत्येक दिन कथा के पश्चात सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ का श्रवण ही नहीं, बल्कि जीवन को सदाचार, भक्ति, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य को धर्म एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने रांची सहित आसपास के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधु-भगिनियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण तैयार किया जा रहा है।








