रांची: राजधानी के कांटाटोली स्थित वासुदेव नगर में पुलिस ने छापेमारी की है। इस दौरान रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक से पुलिस ने एक युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अमरजीत कुमार सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा का रहने वाला है।
सिटी डीएसपी केवी रमण के नेतृत्व में हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, रांची एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलने के बाद सिटी डीएसपी केवी रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छापेमारी की और मौके से अमरजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक देसी पिस्टल और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है. मामले को लेकर लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 193/2026 दर्ज किया गया है।



