मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर में आज यानी सोमवार को गैस पाइपलाइन फटने से जोरदार धमाका हो गया। हादसा सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में हुआ, जहां सड़क पर नाला बनाने का काम चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार खुदाई के दौरान जेसीबी और पोकलेन मशीन से जमीन के नीचे बिछी PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटते ही गैस तेजी से बाहर निकलने लगी और कुछ ही देर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मुजफ्फरपुर के गोबरसही में नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में जान-माल के नुकसान की आशंका है। मौत के आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
#Muzaffarpur #Gobarsahi #BreakingNews #GasPipelineBlast #BiharNews #JHLive https://t.co/J4s9a6Vn2k
— JH LIVE (@jhliveonline) November 2, 2026
एक युवक की मौत, कई लोग घायल
हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों के शीशे टूट गए। विस्फोट के बाद इलाके के एक मकान में आग भी लग गई। अचानक हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड मौके पर
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित इलाके को खाली कराया गया, ताकि गैस रिसाव और आग से होने वाले खतरे को कम किया जा सके। इसके बाद गैस कंपनी की तकनीकी टीम ने पाइपलाइन का मुख्य वाल्व बंद करने और रिसाव पर काबू पाने की प्रक्रिया शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नाला निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान पाइपलाइन टूटने से हादसा हुआ। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।



