रांची में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, एसआईआर के समर्थन में उतरे नेता: कांग्रेस-झामुमो पर साधा निशाना

रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध और देश में कथित अराजकता के मुद्दे पर सोमवार को रांची में भाजपा ने पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से कचहरी होते हुए जेल मोड़

भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध और देश में कथित अराजकता के मुद्दे पर सोमवार को रांची में भाजपा ने पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से कचहरी होते हुए जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, भाजपा प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में विभिन्न नारों वाली तख्तियां लेकर एसआईआर के समर्थन में प्रदर्शन किया। तख्तियों पर ‘एसआईआर तो बहाना है, कांग्रेस को घुसपैठियों को बचाना है’, ‘आंदोलन नहीं विकास चाहिए’ और ‘जनादेश से खिलवाड़ नहीं’ जैसे नारे लिखे थे। पदयात्रा से पहले आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस, राहुल गांधी और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा।
संसद और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही कांग्रेस: जुएल उरांव
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार के बाद ईवीएम, सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। उन्होंने विपक्ष की ओर से आयोजित ‘मॉक पार्लियामेंट’ पर भी टिप्पणी करते हुए इसे संसदीय व्यवस्था के प्रति अनुचित बताया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत का लोकतंत्र और मतदाता मजबूत हैं। उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधते हुए मंईयां सम्मान योजना को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि योजना के पैसे को लेकर झामुमो-कांग्रेस के बीच मतभेद हैं।
एसआईआर का विरोध कर रही कांग्रेस: गजेंद्र सिंह पटेल
भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने दावा किया कि 1952 से 2025 के बीच देश में 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया हुई और इनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार के दौरान यह प्रक्रिया चली। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को सुधारने का काम किया जाता है।
पटेल ने आरोप लगाया कि झामुमो और कांग्रेस घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों की जमीन और पहचान की रक्षा के लिए काम कर रही है।
झारखंड में बेटियां सुरक्षित नहीं: आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर परिवारवाद को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में नेहरू परिवार को प्राथमिकता दी गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है।
राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए साहू ने कहा कि झारखंड में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने एक थाने में महिला के साथ हवलदार द्वारा दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी क्षेत्र में चर्च के फादर पर आदिवासी युवती के साथ दुष्कर्म के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधा।
एसआईआर के विरोध पर विपक्ष को घेरा: बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल एसआईआर का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाता सूची से बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के नाम हटाए जाने से चिंतित है। मरांडी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
राष्ट्र सेवा भाजपा कार्यकर्ताओं का मुख्य चरित्र: अर्जुन मुंडा
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का मुख्य चरित्र राष्ट्र सेवा करना है। उन्होंने कहा कि देश में अराजकता फैलाने की कोशिशों का जनता जवाब दे रही है। इस दौरान उन्होंने गीत के माध्यम से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और पदयात्रा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संसदीय मर्यादा का उल्लंघन कर रहा विपक्ष: सरयू राय
जदयू के वरिष्ठ नेता और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने विपक्ष की ओर से आयोजित मॉक पार्लियामेंट पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संसदीय प्रणाली से चुनकर संसद पहुंचने वाले नेताओं को विरोध की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसदीय मर्यादा की लक्ष्मण रेखा पार कर रहा है।
दिल्ली की रैली पर सीपी सिंह का तंज
रांची विधायक सीपी सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली को लेकर तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि रैली में भीड़ जुटाने के कांग्रेस के दावे पूरे नहीं हुए। उन्होंने रांची से कांग्रेस नेताओं द्वारा लोगों को बसों से दिल्ली ले जाने का जिक्र करते हुए कहा कि रैली में शामिल कुछ लोग वहां भाजपा सरकार की अटल कैंटीन में पांच रुपये में भोजन कर रहे थे।
पदयात्रा में ये नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. रवींद्र राय, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल,  रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, समीर उरांव, डॉ. मीरा मुंडा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, धीरज महतो , पूर्व उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, के के गुप्ता, अजय राय, संदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *