धनबाद। फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से रुपये लेने और बाद में आवास उपलब्ध नहीं कराने के मामले में धनसार थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपित दंपती के रेजिडेंशियल अपार्टमेंट में इश्तेहार चस्पा किया। यह कार्रवाई धनसार थाना कांड संख्या 159/23, 160/23 और 50/25 के तहत की गई।
धनसार थाना के एसआई कृष्णा चौधरी ने बताया कि तीनों मामलों में विश्वरंजन तिवारी और उनकी पत्नी सुचित्रा तिवारी नामजद अभियुक्त हैं। दोनों के खिलाफ न्यायालय की ओर से इश्तेहार जारी किया गया था. इसी आदेश के आलोक में पुलिस टीम ने उनके अपार्टमेंट में इश्तेहार चस्पा किया।
उन्होंने बताया कि दंपती पर फ्लैट उपलब्ध कराने का झांसा देकर कई लोगों से बड़ी रकम लेने का आरोप है। रुपये लेने के बाद जब लोगों को फ्लैट नहीं मिला तो पीड़ितों ने धनसार थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।








