रांची : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले टी20 मुकाबले का अब काउंटडाउन शुरू हो गया है। आज यानी बुधवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी रांची पहुंच गए। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर टीमों के पहुंचते ही शहर में क्रिकेट का माहौल और गरमा गया। एयरपोर्ट पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भारत और वेस्टइंडीज की टीमें अलग-अलग बसों से अपने होटल के लिए निकल गईं। खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट से होटल तक पूरे रास्ते में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
Read More : रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचे सीएम
खिलाड़ियों की एक झलक के लिए बेताब दिखे फैंस
दोनों टीमों के रांची पहुंचने की खबर मिलते ही एयरपोर्ट के आसपास क्रिकेट प्रेमी जुटने लगे। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए काफी उत्साहित दिखे। टीम बसों के एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय भी सुरक्षा का घेरा मजबूत रखा गया। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने खिलाड़ियों की आवाजाही के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा।
9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 मुकाबला 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के रांची पहुंचने के साथ ही मैच की तैयारियां अब आखिरी दौर में पहुंच गई हैं। मैच से पहले दोनों टीमें अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। इस दौरान खिलाड़ी रांची की परिस्थितियों को समझेंगे और मुकाबले के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देंगे। मुकाबले को लेकर रांची के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा है। अब दोनों टीमों के रांची पहुंचने के बाद फैंस की नजरें 9 अक्टूबर पर टिक गई हैं। इसी दिन जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आमने-सामने होंगी।




