रांची : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को रांची में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस, रांची ग्रामीण कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने मिलकर समाहरणालय के सामने प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पार्टी के राज्य कार्यालय से आक्रोश मार्च निकालकर DC कार्यालय पहुंचे। हाथों में झंडे और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। DC कार्यालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।
Read More : भारत-वेस्टइंडीज टी20 से पहले रांची पहुंचे दोनों टीमों के खिलाड़ी
भूत बनकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भूत का रूप बनाकर भी पहुंचे। उनका कहना था कि वे सभी जिंदा हैं, लेकिन चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार ने SIR के जरिए उन्हें जीते-जी मारकर भूत बना दिया है। इसी के विरोध में उन्होंने भूत का रूप धारण कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार की गतिविधियों को राष्ट्र और लोकतंत्र विरोधी बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से नहीं हटते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
कई बड़े नेता प्रदर्शन में हुए शामिल
DC कार्यालय घेराव और प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांके विधायक सुरेश बैठा, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह, महिला कांग्रेस की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।




