ओरमांझी : झारखंड की युवा क्रिकेटर कुमारी पलक ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बुटी क्रिकेट क्लब की खिलाड़ी पलक का चयन इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। वह 26 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली क्रिकेट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। पलक के चयन से बुटी क्रिकेट क्लब के साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके इस प्रदर्शन को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Read More : JTET-2026 में गड़बड़ियों से अभ्यर्थी परेशान, सात मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन
ट्राई-सीरीज के फाइनल में खेली शानदार पारी
पलक हाल ही में इंडिया ए, इंडिया बी और नेपाल के बीच आयोजित ट्राई-सीरीज में भी अपने प्रदर्शन से चर्चा में आई थीं। 22 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने इंडिया बी की ओर से बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत इंडिया बी ने फाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर पलक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है।
कोच ने मेहनत और अनुशासन का बताया परिणाम
बुटी क्रिकेट क्लब के कोच पंचीत कुमार ने पलक के चयन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पलक की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है। कोच ने विश्वास जताया कि पलक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी। उनके प्रदर्शन को देखते हुए 2027 महिला अंडर-19 विश्व कप की भारतीय टीम में चयन की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
कई लोगों ने दी बधाई
पलक की इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, आजसू जिला अध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू, मुखिया जुगुन मुंडा, हितेंद्र सिंह और शंकर महतो सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव और सचिव सौरव तिवारी ने भी पलक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, बेटी के भारतीय टीम में चयन से उनकी मां संगीता भगत बेहद खुश हैं।



