रांची : खड़िया सरना विकास समिति की ओर से मंगलवार को घुमकुड़िया, बरियातू में बंदोई (सोहराय परब) पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पारंपरिक मान्यताओं, आदिवासी संस्कृति और समाज की पहचान को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में बच्चों और युवक-युवतियों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में खड़िया सरना विकास समिति के उपाध्यक्ष प्रो. बंधु भगत ने बंदोई पर्व के महत्व और विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बंदोई खड़िया आदिवासी समाज के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है।
Read More : लुगू बुरू को देश का बड़ा पर्यटन केंद्र बनाएगी झारखंड सरकार : हेमंत सोरेन
गाय की पूजा का खड़िया समाज में विशेष महत्व
प्रो. मेरिकल टेटे ने खड़िया समाज में प्रचलित परंपराओं और मान्यताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खड़िया समाज में सुरही बसाली गाय का विशेष महत्व है। समाज की मान्यता के अनुसार, पूर्वज गाय की पूंछ पकड़कर गंगा नदी पार करते हुए छोटानागपुर पहुंचे थे। इसी मान्यता के कारण खड़िया समाज में गाय को माता मानकर उसकी पूजा की जाती है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पशुधन की विशेष पूजा भी की जाती है।
फैशन शो में बच्चों ने दिखाई आदिवासी संस्कृति की झलक
बंदोई पर्व के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बच्चों के बीच आदिवासी पहचान और संस्कृति पर आधारित फैशन शो हुआ। इसमें अनीमा केरकेटा ने प्रथम और अरनव कुल्लू ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा अनुप्रिया इंदवार, तनीषा इंदवार, नव्या शालिनी, अदिति, इसिका, अनामिका, निकिता, आयांस, नवीन, निकिता इंदवार, रीवा, रोनक, अरनव, शीला और प्रेरणा ग्लोरिया सहित अन्य बच्चों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
खड़िया भाषा पर हुई क्विज प्रतियोगिता
युवक-युवतियों के लिए खड़िया भाषा से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के संचालन में बासिल कीड़ों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर रांची खड़िया महासभा के महासोहोर कुलभूषण डुंगडुंग ने सभी को बंदोई पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज के लोगों से एकता और आपसी सहयोग बनाए रखने का संदेश दिया। योगी खड़िया के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में रांची खड़िया महासभा के सदस्यों के साथ मंगलावती कुल्लू, अमिता केरकेट्टा, शांति टेटे, बीना बिलुंग, ललिता बिलुंग, सोमरा पहान, शान्ति इन्दवार, संतोष कुमार टेटे, गांधी आनंद बिलुंग, प्रकाश बिलुंग, सुगुरु खड़िया, भादो खड़िया और सबिता बिलिंग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की जानकारी रांची खड़िया महासभा की मीडिया प्रभारी अणिमा बाअ: ने दी।


