रांची : झारखंड विधानसभा ने मझगांव के विधायक निरल पुरती को वर्ष 2026 के लिए उत्कृष्ट विधायक चुना है। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई विधायी उत्कृष्टता पुरस्कार चयन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। निरल पुरती को 22 नवंबर को विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह में भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। बैठक शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे रांची के 3, कांके रोड स्थित विधानसभा अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय में हुई। इसमें चयन समिति के सदस्य और विधानसभा के अधिकारी शामिल हुए।
Read More : रांची में अधिग्रहित जमीन का होगा बेहतर इस्तेमाल, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश
निरल पुरती को मिलेगा 51 हजार रुपये का पुरस्कार
निरल पुरती वर्ष 2005, 2014, 2019 और 2024 में विधायक बने। वर्तमान में वह मझगांव विधानसभा क्षेत्र संख्या-53 का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 22 नवंबर 2026 को स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो और चांदी की शील्ड प्रदान करेंगे। इसके साथ उन्हें 51 हजार रुपये की सम्मान राशि भी दी जाएगी।
छह विधानसभा कर्मियों का भी हुआ चयन
चयन समिति ने उत्कृष्ट विधानसभा कर्मी पुरस्कार के लिए छह कर्मचारियों का चयन किया है। इन्हें स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। चयनित कर्मचारियों के नाम और पद इस प्रकार हैं :
-
किरण सुमन बाखला – उपसचिव
-
सुषमा सिन्हा – उपसचिव
-
रविकान्त समीर तिर्की – प्रशाखा पदाधिकारी
-
मो. अली अहमद – अधीक्षक
-
शिवराज राम – वरीय ट्रेजरी सरकार
-
संजय कुमार मेहता – अनुसेवक
इन सभी कर्मचारियों को मुख्यमंत्री प्रशस्ति पत्र, शॉल और मोमेंटो प्रदान करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सुरेश पासवान, वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार और प्रभारी सचिव-सह-सदस्य सचिव रंजीत कुमार उपस्थित रहे। समिति के सदस्य स्टीफन मरांडी और रामचंद्र सिंह टेलीफोन या ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।



