रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी (JSDMS) के बीच राज्य में कौशल विकास, रोजगार सृजन और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
Read More : रांची में मां ज्वाला देवी ज्योत स्थापना दिवस पर भव्य धार्मिक आयोजन, गूंजे ‘जय माता दी’ के जयकारे
इस मौके पर FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी राज्य के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
उद्योग और सरकार मिलकर करेंगे काम
FJCCI के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह एमओयू उद्योग, सरकार और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा तथा झारखंड में कौशल विकास का मजबूत मॉडल तैयार करेगा। उपाध्यक्ष राम बांगर और प्रवीण लोहिया ने कहा कि उद्योगों की भागीदारी से संचालित कौशल विकास कार्यक्रम राज्य के औद्योगिक विकास को गति देंगे और स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेंगे।
Read More : रिम्स प्रबंधन अपनी नियमावली बनाए, ऑटोनॉमस बॉडी की तरह करे काम : डॉ. आशा लकड़ा
स्किल डेवलपमेंट उपसमिति के चेयरमैन आलोक सिंह और प्रियंक भगत ने बताया कि इस साझेदारी के तहत उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण, जॉब फेयर, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा, उद्यमिता विकास और उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर रहेगा फोकस
JSDMS के मिशन निदेशक सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार लाल (आईएएस) ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच इस तरह की साझेदारी राज्य में कौशल विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने भरोसा जताया कि एमओयू के माध्यम से उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी ढंग से लागू किए जाएंगे, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
Read More : पन्ना अस्पताल में जलभराव पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, आलोक दूबे ने उठाए सवाल
कार्यक्रम में JSDMS की टीम, FJCCI के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा विभिन्न उपसमितियों के अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और राज्य के आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।




