खूंटी : खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद शुक्रवार को तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। विधायक ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और समुचित इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अंतिम संस्कार के लिए उन्हें आर्थिक सहायता भी दी।
Read More : दिल्ली प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, किसानों के साथ अमीरों पर भी सवाल
सात लोगों की मौत पर जताया दुख
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि यह दुर्घटना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद और हृदयविदारक है। सात लोगों की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से तीन महिलाओं और चार मासूम बच्चों की मौत बेहद पीड़ादायक है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है।
मृतकों के शव जल्द परिजनों को सौंपने का निर्देश
विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं। इसके बाद मृतकों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपे जाएं, ताकि परिवार सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर सकें। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझें। एक जनप्रतिनिधि के रूप में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विधायक ने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।



