हजारीबाग : हजारीबाग शहर के मिशन स्कूल मैदान स्थित सरना स्थल को अतिक्रमण और कचरे से मुक्त कर खेल गतिविधियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व महापौर अरविंद कुमार राणा ने किया। इस दौरान वार्ड पार्षद विकास यादव, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश कुमार राम, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Read More : हजारीबाग में हाथियों के हमले से ग्रामीण की मौत, मुआवजे की मांग
लंबे समय से मैदान में कचरा और झाड़ियां जमा होने के कारण इसकी उपयोगिता प्रभावित हो रही थी। अभियान के तहत मैदान से कचरा हटाने, झाड़ियों की सफाई और भूमि के समतलीकरण का कार्य शुरू किया गया, ताकि इसे दोबारा खेल गतिविधियों के लिए तैयार किया जा सके।
खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि मिशन मैदान को चरणबद्ध तरीके से विकसित कर खिलाड़ियों के लिए एक आधुनिक और बेहतर खेल परिसर बनाया जाएगा।
Read More : रांची से 3 महानगरों के लिए नई फ्लाइट्स की तैयारी, इंडिगो ने भेजा प्रस्ताव
वार्ड पार्षद विकास यादव ने बताया कि अभियान का लक्ष्य अगले सात दिनों के भीतर मैदान को फुटबॉल खेलने योग्य बनाना है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए एक अतिरिक्त मैदान मिलेगा और शहर के अन्य खेल मैदानों तथा स्टेडियमों पर बढ़ते दबाव को भी कम किया जा सकेगा।
मैदान में होंगे खेल आयोजन
जिला खेल पदाधिकारी कैलाश कुमार राम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल मैदानों का संरक्षण और विकास युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मैदान तैयार होने के बाद यहां नियमित रूप से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
Read More : बाबा टांगीनाथ धाम में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने की पूजा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के दिए निर्देश
स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि मिशन मैदान जल्द ही स्वच्छ, सुंदर और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल परिसर के रूप में विकसित होगा।




