रांची : कांग्रेस में बड़े स्तर पर संगठन में फेरबदल किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 81 AICC सचिवों की नई लिस्ट जारी कर दी है। इस नई लिस्ट में झारखंड के भी दो नेताओं को जगह मिली है। हजारीबाग के भीम कुमार और गुमला के बॉबी भगत को पार्टी ने राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को AICC सचिव के पद से हटा दिया गया है। यानी इस बार कांग्रेस के संगठन में झारखंड के दो नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि अंबा प्रसाद की जिम्मेदारी खत्म कर दी गई है।
Read More : धनबाद में CISF टीम पर हमला, 24 अवैध खदान बंद कर लौट रहे थे जवान
केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी पत्र के मुताबिक, प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है। झारखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी ने भी राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियों का नए सिरे से बंटवारा किया गया है।
प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय में मिली जिम्मेदारी
AICC की ओर से जारी नई सूची में प्रणव झा को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय (Office of Hon’ble Congress President) से संबद्ध सचिव बनाया गया है। इस जिम्मेदारी के तहत वह सीधे कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से जुड़े संगठनात्मक कार्यों में भूमिका निभाएंगे। झारखंड की राजनीति के लिहाज से भी इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में झारखंड में हुए राज्यसभा चुनाव में जीत के आंकड़े मौजूद रहने के बावजूद कांग्रेस को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद प्रणव झा को मिली नई जिम्मेदारी चर्चा में है।
अंबा प्रसाद AICC सचिव पद से मुक्त, पार्टी ने सराहा योगदान
कांग्रेस की नई सूची में झारखंड की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का नाम शामिल नहीं है। उन्हें निवर्तमान AICC सचिवों की सूची में रखा गया है। इस सूची में कुल 25 निवर्तमान सचिवों और संयुक्त सचिवों के नाम शामिल हैं। जारी पत्र में अंबा प्रसाद का नाम सबसे पहले दर्ज है। पार्टी ने निवर्तमान पदाधिकारियों के योगदान की सराहना भी की है। झारखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी ने कहा कि संगठन में बदलाव एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इसी के तहत अंबा प्रसाद समेत अन्य निवर्तमान सचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
भीम कुमार और बॉबी भगत को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी
नई संगठनात्मक व्यवस्था में झारखंड के दो नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इनमें हजारीबाग के भीम कुमार और गुमला के बॉबी भगत शामिल हैं। वहीं, भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को झारखंड का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ प्रदेश कांग्रेस संगठन में भी नई जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया है।
81 सचिवों की जिम्मेदारी तत्काल प्रभाव से लागू
कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पार्टी ने देश के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और संगठनात्मक विभागों के लिए कुल 81 सचिवों की जिम्मेदारियां तय की हैं। हालांकि, अंबा प्रसाद को सचिव पद से मुक्त करने के पीछे पार्टी ने कोई अलग वजह नहीं बताई है। फिलहाल इस फेरबदल को कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारियों के नए सिरे से बंटवारे के रूप में देखा जा रहा है।



