धनबाद में CISF टीम पर हमला, 24 अवैध खदान बंद कर लौट रहे थे जवान

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के निरसा में अवैध कोयले के धंधे पर लगाम लगाने पहुंची CISF और ECL की संयुक्त टीम पर बदमाशों ने हमला बोल दिया। घटना गुरुवार शाम की है। टीम राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद

CISF

अपनी भाषा में पढ़ें

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के निरसा में अवैध कोयले के धंधे पर लगाम लगाने पहुंची CISF और ECL की संयुक्त टीम पर बदमाशों ने हमला बोल दिया। घटना गुरुवार शाम की है। टीम राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे 8 से 10 हमलावरों ने जवानों को घेर लिया। बदमाशों ने टीम की बोलेरो गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और जब्त की गई एक बाइक लेकर भाग निकले। हालांकि, जैसे ही अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंचे, हमलावर दूसरी बाइक छोड़कर वहां से नौ-दो ग्यारह हो गए। इस हमले में बोलेरो चालक और गाड़ी में बैठे दो जवान बाल-बाल बच गए।

Read More : झारखंड में चक्रवात ‘अकवान’ का असर, 21 नवंबर तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी

राजा कोलियरी में 24 अवैध खनन मुहाने कराए गए थे बंद

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम CISF और ECL की संयुक्त टीम ने राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान टीम ने अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया। साथ ही चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की थीं। कार्रवाई पूरी करने के बाद जवान दोनों मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर पर लादकर निरसा थाना ले जा रहे थे। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में पहले से मौजूद 8 से 10 हमलावरों ने टीम को घेर लिया।

बोलेरो में तोड़फोड़ कर एक जब्त बाइक लेकर भागे हमलावर

हमलावरों ने सुरक्षा टीम को निशाना बनाते हुए जवानों को लेकर जा रही बोलेरो में तोड़फोड़ की। इसके बाद जब्त की गई एक मोटरसाइकिल छीनकर जंगल की ओर फरार हो गए। हमलावर दूसरी मोटरसाइकिल भी ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। जवानों को आता देख हमलावर दूसरी बाइक जंगल में ही छोड़कर भाग निकले। बाद में सुरक्षा टीम ने उस मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने से बोलेरो चालक और उसमें सवार दो जवान सुरक्षित बच गए। घटना के बाद वाहन के चालक और मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जब दिनदहाड़े सुरक्षा जवानों पर हमला हो सकता है, तो वाहन चालकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

निरसा SDPO ने क्या बताया?

घटना को लेकर निरसा के एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम वाहन से दो जब्त मोटरसाइकिल लेकर लौट रही थी। इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने टीम पर पत्थरबाजी की और जब्त मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में CISF की ओर से लिखित शिकायत दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई के बीच सुरक्षा पर सवाल

निरसा में हुई इस घटना ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई के बाद लौट रही संयुक्त सुरक्षा टीम पर हमला और जब्त वाहन को छीनकर ले जाने की घटना ने इलाके में सुरक्षा की चुनौती को सामने ला दिया है। अब सवाल यह है कि जब अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने वाली सुरक्षा टीम ही हमले का सामना कर रही है, तो इस कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को कैसे मजबूत किया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.