नई दिल्ली : कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। दोनों ने आज यानी बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी साझा की। पोस्ट में कपल ने लिखा, “एक बार फिर हमें जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मिलने वाला है। हमारे दिल प्यार और आभार से भर गए हैं।” कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की शादी 7 फरवरी 2023 को हुई थी। दोनों ने राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। दोनों की प्रेम कहानी फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान चर्चा में आई थी। फिल्म में दोनों ने साथ काम किया था और शूटिंग के दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ी थीं।
View this post on Instagram
जुलाई 2025 में पहली बार बने थे माता-पिता
शादी के करीब दो साल बाद कियारा और सिद्धार्थ पहली बार माता-पिता बने थे। जुलाई 2025 में दोनों ने सोशल मीडिया पर बेटी के जन्म की जानकारी साझा की थी। इसके बाद नवंबर 2025 में कपल ने अपनी बेटी का नाम भी बताया था। दोनों ने बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा रखा। नाम की घोषणा करते हुए उन्होंने बेटी को अपना आशीर्वाद और राजकुमारी बताया था।
पिता बनने को लेकर सिद्धार्थ ने कही थी यह बात
हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने पिता बनने के अनुभव के बारे में भी बात की थी। टीवी शो ‘बिग बॉस 20’ में पहुंचे सिद्धार्थ से सलमान खान ने उनकी शादीशुदा जिंदगी और पिता बनने को लेकर सवाल किया था। सिद्धार्थ ने कहा था कि पिता बनना उनके लिए सबसे खास भूमिका है। उन्होंने अपनी बेटी को बहुत प्यारा बताया था और कहा था कि वह लगातार नई चीजें सीख रही है। इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने मजाक में सिद्धार्थ से जल्द एक और बच्चा होने की बात कही थी। हालांकि, उस समय दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई थी। वहीं, मां बनने के बाद जिंदगी में आए बदलावों को लेकर कियारा ने राज शमानी के पॉडकास्ट पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि मां बनने से पहले और बाद में उन्हें खुद में काफी बदलाव महसूस हुआ है और अब वह खुद को पूरी तरह अलग इंसान मानती हैं।
कियारा-सिद्धार्थ का फिल्मी करियर
कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा बॉलीवुड के चर्चित कलाकारों में शामिल हैं। सिद्धार्थ ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। उन्होंने 2010 में फिल्म ‘माई नेम इज़ खान’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। इसके बाद 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से उन्होंने एक्टिंग डेब्यू किया। ‘हंसी तो फंसी’, ‘एक विलेन’ और ‘कपूर एंड सन्स’ जैसी फिल्मों से उन्हें पहचान मिली। हाल ही में वह फिल्म ‘द वन’ में नजर आए थे। वहीं, कियारा ने 2014 में फिल्म ‘फगली’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 2016 में ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद कियारा ने ‘लस्ट स्टोरीज’, ‘कबीर सिंह’, ‘गुड न्यूज’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘जुगजुग जीयो’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ जैसी फिल्मों में काम किया। आखिरी बार वह यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आई थीं।





