भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर डॉ. प्रदीप वर्मा का वुशू संघ एवं जिला पदाधिकारियों ने किया सम्मान
रांची : सरला बिरला स्कूल स्थित जी.डी. बिरला सभागार में आज झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने की।
बैठक में आगामी सत्र के लिए राज्य स्तरीय विभिन्न वुशू प्रतियोगिताओं के आयोजन की तिथियों एवं स्थानों का निर्धारण किया गया। निर्णय के अनुसार झारखंड राज्य जूनियर वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को सिल्ली, झारखंड राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर 2026 को देवघर तथा झारखंड राज्य सब-जूनियर वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 21 एवं 22 नवंबर 2026 को धनबाद में किया जाएगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ी एवं टीमें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। इनमें 23वीं जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, चेन्नई (28 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026), 36वीं सीनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, ईटानगर (9 से 14 नवंबर 2026) तथा 25वीं सब-जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता, भुवनेश्वर (18 से 23 दिसंबर 2026) शामिल हैं। इसके अलावा खिलाड़ी फेडरेशन कप वुशू प्रतियोगिता, हैदराबाद में भी भाग लेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिताओं से पूर्व विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। आम सभा में पिछले सत्र की बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन, ऑडिट रिपोर्ट, आगामी सत्र के बजट तथा संगठन की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राज्य के 16 जिलों में से अब तक 7 जिलों में आयोजित हो चुकी अस्मिता वुमन लीग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के अन्य जिलों में भी अस्मिता वुमन लीग का विस्तार कर अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिता का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
बायलॉज को मिली स्वीकृति
बैठक में नेशनल गवर्नेंस एक्ट के अनुरूप तथा वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड वुशू एसोसिएशन के बायलॉज को अनुमोदित किया गया। साथ ही जिला स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
डॉ. प्रदीप वर्मा का किया गया सम्मान
वार्षिक आम सभा के दौरान झारखंड वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा जी को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर झारखंड वुशू एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों से आए जिला पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने डॉ. प्रदीप वर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से झारखंड में वुशू खेल के विकास को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
अपने संबोधन में डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए कर्तव्य और अधिकार में समन्वय आवश्यक है। सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने झारखंड में वुशू को और अधिक मजबूत बनाने तथा राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।इस अवसर पर विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं झारखंड वुशू एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक मे ये पदाधिकारी, सदस्य उपस्थित रहें
डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, मनोज कुमार साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, दीपक दुबे, एम कादिर, अमरदीप कुमार, संजय जैन, प्रतिमा कुमारी, मृत्युंजय कुमार राय, शशि कुमार, संजय राजभर, प्रदीप महतो, अमूल्य मिश्रा, दिनेश यादव, राजी अहमद, विवेकानंद, चंचल भट्टाचार्य, मिथिलेश साहू, विमला टोप्पो, राजकुमार जैन, रत्नेश कुमार,दीपक गोप,संजय साहू ,एल प्रदीप सिंह,सुमित घोषाल एवं शिवेन्द्र दुबे आदि मौजूद थे।




