रांची: अपर बाजार स्थित बाजार टांड़ के दुकानदार रांची नगर निगम का राजस्व बढ़ाने में सहयोग करने को तैयार हैं। इसके लिए बाजार टांड़ के 608 दुकानदार वित्तीय वर्ष 2026-27 का भाड़ा एडवांस में जमा करना चाहते हैं। हालांकि, लंबे समय से चले आ रहे पेनाल्टी के कारण भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। इस मामले को लेकर रांची नगर निगम किराएदार संघ ने मेयर रोशनी खलखो से पहल करने की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष एवं झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल ने मेयर को पत्र लिखकर चालू वित्तीय वर्ष का भाड़ा जमा लेने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने तथा पेनल्टी सहित बकाया राशि जमा विवाद के निपटारे के लिए कमेटी गठित करने का आग्रह किया है।
मुकेश अग्रवाल ने 28 नवंबर को लिखे पत्र में कहा है कि 27 नवंबर को हुई समीक्षा बैठक के बाद विभिन्न मीडिया माध्यमों से नगर निगम को राजस्व की आवश्यकता की जानकारी मिली है। ऐसे में संघ अपने 608 दुकानदारों का वित्तीय वर्ष 2026-27 का किराया एडवांस में नगर निगम में जमा करना चाहता है, ताकि निगम को तत्काल करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हो सके।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि इस संबंध में पहले भी कई बार नगर निगम को लिखित आग्रह किया जा चुका है। किराएदार वर्ष 2015 में निगम बोर्ड की ओर से लिए गए निर्णय के अनुसार पेनल्टी सहित बकाया राशि जमा कर विवाद का समाधान चाहते हैं। संघ का मानना है कि इस प्रस्ताव पर पहल होने से नगर निगम को बड़ी राशि राजस्व के रूप में प्राप्त हो सकती है।
मुकेश अग्रवाल ने मेयर से आग्रह किया है कि बाजार टांड़ के दुकानदारों से चालू वित्तीय वर्ष का भाड़ा जमा लेने के लिए विशेष कैंप लगाया जाए, ताकि दुकानदार बकाया राशि का भुगतान कर सकें और निगम को राजस्व प्राप्त हो सके।


