रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित स्टेकहोल्डर्स बैठक राज्य के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि झारखंड में बड़े निवेश को आकर्षित करने की दूरदर्शी रणनीति का हिस्सा है।
Read More : ‘माइंस नहीं, माइंड्स से बनेगी पहचान’, दिल्ली में सीएम हेमंत ने रखा झारखंड विजन 2050
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार पिछले कुछ वर्षों से उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के विभिन्न देशों के दौरे, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों के साथ संवाद तथा झारखंड की औद्योगिक संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब दिखाई देने लगा है।
नए निवेश और रोजगार की उम्मीद
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि इस बैठक से राज्य में नए निवेश प्रस्तावों को गति मिलेगी। इसके परिणामस्वरूप नए उद्योग स्थापित होंगे, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और छोटे तथा मध्यम उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उद्योग-अनुकूल नीतियों से बढ़ा निवेशकों का भरोसा
उन्होंने कहा कि पहले आयोजित निवेशक सम्मेलनों और उद्योग जगत के साथ सरकार के लगातार संवाद का असर यह हुआ है कि कई कंपनियों ने झारखंड में निवेश की रुचि दिखाई है। राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियां, बेहतर आधारभूत संरचना, सिंगल विंडो सिस्टम और पारदर्शी कार्यशैली ने निवेशकों का विश्वास मजबूत किया है। आलोक कुमार दूबे ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व और विकासोन्मुख सोच के तहत झारखंड आने वाले समय में पूर्वी भारत के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी पहचान बनाएगा और राज्य के विकास का नया अध्याय लिखेगा।



