हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग में गुरुवार की रात बदमाशों ने एक होटल के बाहर जमकर तांडव मचाया। कोर्रा थाना क्षेत्र के मटवारी इलाके में स्थित होटल एके इंटरनेशनल के मेन गेट पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी को गोली नहीं लगी और न ही किसी के हताहत होने की खबर है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
Read More : झारखंड में चक्रवात अर्नब कमजोर, बारिश से 4-5 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान
होटल के मेन गेट पर की फायरिंग
होटल प्रबंधन के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे कुछ अज्ञात लोग होटल के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने होटल के मेन गेट के शीशे पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने कुल चार राउंड फायरिंग की और वहां से फरार हो गए। गोलीबारी की घटना के बाद होटल कर्मचारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसपी अमित कुमार, एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह और कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा शहर के कई अन्य थानों के एसएचओ और पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गहन जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद मटवारी इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।
एसपी अमन कुमार ने क्या कहा?
हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कोई और टिप्पणी की जा सकेगी।



