रांची : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के 15वें दिन एक बड़ा अपडेट सामने आया है। शनिवार को रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में देवेंद्रनाथ महतो गुट के 8-सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के मंत्रियों के बीच करीब एक घंटे तक दूसरे दौर की बैठक हुई। हालांकि, इस मीटिंग में मांगों को लेकर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। बैठक के तुरंत बाद बातचीत में शामिल मंत्री CM आवास के लिए रवाना हो गए, जहां वे सीएम हेमंत सोरेन को वार्ता की पूरी रिपोर्ट सौंपेंगे।
Read More : ब्रह्माकुमारी आश्रम पहुंचे CM हेमंत सोरेन, बोले- रक्षाबंधन का पर्व ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का प्रतीक
सरकार ने जारी किया ईमेल आईडी और फीडबैक नंबर
वार्ता के बाद सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि बातचीत का दौर केवल एक समूह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न छात्र गुटों और आम अभ्यर्थियों से भी संवाद किया जाएगा। छात्रों के सुझाव और शिकायतें प्राप्त करने के लिए सरकार ने एक आधिकारिक ईमेल आईडी और फीडबैक नंबर जारी किया है, ताकि सभी हितधारकों के विचार जाने जा सकें।
9 अगस्त तक का अल्टीमेटम, 10 अगस्त को विस घेराव का ऐलान
छात्र नेताओं ने साफ कर दिया है कि वे केवल मौखिक आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। ‘JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच’ ने सरकार को 09 अगस्त तक परीक्षा रद्द करने और जांच कराने सहित सभी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मोहलत दी है। छात्रों ने ऐलान किया है कि यदि 9 अगस्त तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। मंच ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे 8 और 9 अगस्त को ही रांची पहुंचना शुरू कर दें, ताकि किसी भी प्रशासनिक रुकावट से बचा जा सके। हजारीबाग सहित कई इलाकों में छात्रों को रोकने के लिए बसें रोके जाने की भी खबरें सामने आ रही हैं।
15वें दिन भी सत्याग्रह जारी, देवेंद्र महतो की भूख हड़ताल का 7वां दिन
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और आसपास के इलाकों में छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह 15वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को नेतृत्व दे रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो और ब्रह्मनाथ की भूख हड़ताल लगातार 7वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। कुल 6 छात्र अनशन पर डटे हुए हैं। जयपाल सिंह स्टेडियम में पारंपरिक नृत्य और नारों के साथ छात्र अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।
शुक्रवार रात पहले गुट से हुई थी बात
इससे पहले शुक्रवार देर रात मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, चमरा लिंडा, दीपिका पांडे सिंह और संजय यादव के डेलिगेशन ने छात्र नेता रवींद्र पासवान के नेतृत्व वाले 10-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से डेढ़ घंटे तक बातचीत की थी। उस बैठक को सकारात्मक बताया गया था, लेकिन शनिवार को दूसरे गुट के साथ हुई वार्ता में फिलहाल कोई ठोस नतीजा निकलकर सामने नहीं आया है।




