रांची : झारखंड भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में अपनी पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, घुसपैठ, मतदाता सूची और छात्रों-युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा। गजेंद्र पटेल ने अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे का अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस दौरान उन्हें जिलों के लोगों से मिलने और राज्य की स्थिति को समझने का मौका मिला। उनके मुताबिक, राज्य की स्थिति काफी विकट है।
Read More : रांची के श्री श्याम मंदिर में धूमधाम से मना इंदिरा एकादशी उत्सव
2019 से सरकार, जनता को सिर्फ निराशा मिली : पटेल
गजेंद्र पटेल ने कहा कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में सत्ता में है, लेकिन विकास के नाम पर जनता को सिर्फ निराशा मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों के घोषणा पत्र में किए गए वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार नाकाम रही है। उनके मुताबिक, गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिलाएं, किसान और युवा समेत सभी वर्ग परेशान हैं।
आदिवासियों को बरगलाने का लगाया आरोप
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने झामुमो और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि दोनों दलों ने भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाकर सरकार बनाई। उन्होंने दावा किया कि अब आदिवासी समाज सब समझ चुका है और इस बार वह इन दलों के बहकावे में नहीं आने वाला।
बालू, कोयला और खनिजों की लूट का आरोप
गजेंद्र पटेल ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बालू, कोयला, पत्थर और दूसरी खनिज संपदाओं की लूट जारी है। इसके साथ ही उन्होंने DMFT फंड में भी लूट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की खुलेआम लूट हो रही है। भाजपा ने सरकार की कथित लूट के खिलाफ सड़क से सदन तक आवाज उठाई है।
छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा
हाल में छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए गजेंद्र पटेल ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नौकरी भर्ती में खुलेआम पैसों का लेन-देन हुआ। JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही और PGT समेत कई परीक्षाएं विवादों में रहीं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी ने लाखों युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा और छात्र लोकतांत्रिक तरीके से सड़क पर उतरे तो उनके साथ अत्याचार किया गया। पटेल के मुताबिक, झारखंड के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से काफी नाराज हैं।
घुसपैठ को लेकर हेमंत सरकार पर सवाल
गजेंद्र पटेल ने झारखंड में लंबे समय से जारी घुसपैठ के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि घुसपैठ रोकने के बजाय उसे बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर सरकार को बार-बार सचेत करती रही है, लेकिन सरकार ने इसे अनसुना किया। पटेल ने सरकारी तंत्र पर घुसपैठियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष मदद देने का भी आरोप लगाया।
मतदाता सूची और SIR को लेकर भी हमला
पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और अवांछित मतदाताओं को सूची से हटाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार SIR जैसी पारदर्शी प्रक्रिया का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रम फैलाकर आदिवासी समाज को गुमराह कर रही है और विद्रोह के लिए उकसाया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था पर भी सवाल
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में डर का माहौल है और अपराधी बेखौफ हैं। उन्होंने हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने राज्य की कानून-व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है। महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
7 अक्टूबर को होंगे ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम
गजेंद्र पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मोत्सव के तहत कार्यक्रम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सेवा काल के 25 साल पूरे होंगे। इस मौके पर 750 जिलों के मुख्यालयों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का मकसद सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन होगा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी मार्गदर्शन मिलेगा। पटेल ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
सड़क से सदन तक मुद्दे उठाएगी भाजपा
गजेंद्र पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने के साथ जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनसरोकारों और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार जनता के बीच जाती रही है और आगे भी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सवालों को लेकर भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड को भी विकसित बनाने का प्रयास किया जाएगा। प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।





