रांची: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर पैनासिया सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, रांची की ओर से नि:शुल्क कार्डियक हेल्थ चेक-अप कैंप एवं सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 100 से अधिक मरीजों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य जांच एवं प्रशिक्षण का लाभ उठाया।
कैंप के दौरान प्रतिभागियों की हृदय संबंधी स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही हृदय रोगों के जोखिम, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सीपीआर एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि अचानक कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में समय पर सीपीआर देना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
also read ;11 डिसमिल जमीन विवाद पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, BCCL के अतिक्रमण दावे की दोबारा होगी सुनवाई
अस्पताल के सीओओ मानस लाभ ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य केवल अस्पताल या डॉक्टरों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट जैसी जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए।
कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ अभिनव कुमार ने हृदय रोगों के जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों और नियमित जांच के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने सीने में दर्द, सांस फूलना, अत्यधिक पसीना, अचानक कमजोरी या बेचैनी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। वहीं बीएलएस एवं सीपीआर ट्रेनर विशाल सिंह ने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में प्राथमिक जीवनरक्षक उपायों का प्रशिक्षण दिया।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में निवारक स्वास्थ्य देखभाल और जीवन बचाने की भावना को मजबूत करना है। अस्पताल की ओर से भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता, स्क्रीनिंग और जीवनरक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




