रांची : रांची नगर निगम ने शहर के विभिन्न वेंडर मार्केट में वेंडर्स और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उप नगर आयुक्त श्री रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में निगम के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोराबादी वेंडिंग जोन, नागाबाबा वेजिटेबल मार्केट, अटल स्मृति वेंडर मार्केट और डिस्टलरी पोल स्थित वेंडर मार्केट में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। उप नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से प्रत्येक मार्केट की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।
Read More : रांची के तालाबों पर चला निगम का अभियान, दुकान-गुमटी हटाई गई
दो पालियों में होगी नियमित सफाई
उप नगर आयुक्त ने सभी वेंडर मार्केट में दो पालियों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही टॉयलेट्स की नियमित एवं समुचित सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। वेंडिंग क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रत्येक वेंडर को कूड़ेदान रखने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित करने को कहा गया।
छोटे सिविल कार्य प्राथमिकता से होंगे
अभियंत्रण शाखा को सभी वेंडर मार्केट का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। आवश्यक छोटे-मोटे सिविल कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को भी कहा गया। वहीं, नगर अभियान प्रबंधकों को वेंडर्स और नागरिकों से नियमित संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उनसे समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेकर प्राप्त सुझावों के अनुरूप जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
वेंडर्स के साथ नागरिकों की सुविधा पर भी जोर
उप नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम का उद्देश्य केवल वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना नहीं है। उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से युक्त बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराना भी निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वेंडर मार्केट में वेंडर्स की सुविधा के साथ नागरिकों की सुविधा, स्वच्छता और सुगम आवागमन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। वेंडर्स शहर की अर्थव्यवस्था और नागरिकों की दैनिक जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके लिए बेहतर और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर अभियान प्रबंधक, अभियंतागण और निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




