रांची: नुवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने राजस्थान में 46.4 मेगावाट की पवन-सौर हाइब्रिड परियोजना के लिए क्लीनमैक्स के साथ साझेदारी की है। राजस्थान के भिकमखोर में क्लीनमैक्स द्वारा विकसित की जाने वाली इस परियोजना में 20 मेगावाट पवन क्षमता और 26.4 मेगावाट डीसी सौर क्षमता शामिल होगी। इसके साथ 2 मेगावाट घंटे की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली भी लगाई जाएगी। परियोजना से हर साल करीब 100 मिलियन यूनिट बिजली पैदा होने की उम्मीद है और इससे नुवोको के सीमेंट कारोबार के लिए स्वच्छ बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी।
कंपनी के अनुसार, इस पहल से हर साल करीब 1,25,485 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन से बचने में मदद मिलेगी। परियोजना से बनने वाली बिजली राज्य पारेषण उपयोगिता के ओपन एक्सेस नेटवर्क के जरिए नुवोको को उपलब्ध कराई जाएगी। नुवोको के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि क्लीनमैक्स के साथ यह साझेदारी राजस्थान के संचालन में स्वच्छ ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ाने, ऊर्जा मिश्रण को मजबूत करने, लंबे समय में लागत दक्षता सुधारने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यह पहल कंपनी के परिचालन को अधिक टिकाऊ और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाती है। क्लीनमैक्स के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक कुलदीप जैन ने कहा कि विनिर्माण उद्योग स्वच्छ ऊर्जा को अपने मुख्य कारोबार और लंबी अवधि की रणनीति का हिस्सा मान रहे हैं तथा नुवोको के साथ यह साझेदारी उसके स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने में सहयोग करेगी। परियोजना नुवोको के अक्षय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, वेस्ट हीट रिकवरी सिस्टम और वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल से जुड़े प्रयासों को भी आगे बढ़ाएगी।