दुमका : झारखंड में मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। दुमका स्थित निजी क्षेत्र के सिद्धो-कान्हू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SKMCH) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MBBS की 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) से जरूरी अनुमति मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने तय समय सीमा के भीतर काउंसलिंग आयोजित कर नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने JCECEB को भेजा पत्र
स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने 28 सितंबर 2026 को झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) के परीक्षा नियंत्रक को इस संबंध में औपचारिक पत्र भेजा है। पत्र में निर्देश दिया गया है कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा तय नियमों और प्रावधानों के तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की जाए। पत्र की प्रतिलिपि आवश्यक तैयारियों के लिए निदेशक (चिकित्सा शिक्षा, रांची) और सिदो-कान्हू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, दुमका को भी भेजी गई है।
राज्य कोटे में 25 प्रतिशत सीटें
स्वीकृत 50 अतिरिक्त MBBS सीटों का वितरण तीन मुख्य श्रेणियों में किया गया है। कुल सीटों का 25 प्रतिशत यानी 12 सीटें झारखंड के स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित की गई हैं। इसके अलावा 60 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया क्वालिफाइड अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। शेष 15 प्रतिशत सीटें NRI कोटे के तहत आवंटित की जाएंगी।
राज्य कोटे की 12 सीटों का आरक्षण रोस्टर
झारखंड राज्य कोटे की 12 सीटों के लिए सामाजिक और आर्थिक वर्गों के अनुसार आरक्षण तय किया गया है। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 05 सीटें, अनुसूचित जनजाति के लिए 03 सीटें, अनुसूचित जाति के लिए 01 सीट, BC-I के लिए 01 सीट, BC-II के लिए 01 सीट और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए 01 सीट आरक्षित रहेगी। स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान किया गया है। नियमों के तहत दिव्यांगों के लिए 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण रहेगा। इसके अंतर्गत अंधापन और कम दृष्टि श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए एक सीट विशेष रूप से चिन्हित की गई है।




