धनबाद के भूली मोड़ इलाके में सोमवार पूर्वाह्न दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान समेत तीन लोगों को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना में सानू खान, सद्दाम और एक युवती के घायल होने की सूचना है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान का इलाज असर्फी अस्पताल, जबकि सद्दाम और युवती का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
ऑटो स्टैंड के पास अचानक चलने लगी गोलियां
जानकारी के अनुसार, सानू खान और सद्दाम भूली मोड़ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो हमलावरों ने ऑटो स्टैंड के पास अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कथित तौर पर कई राउंड गोलियां चलाईं।
दिनदहाड़े हुई अचानक फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि गोली चलाने वाले ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था।
फायरिंग के बाद दोनों हमलावर वासेपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोखे बरामद किए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी किए जाने की भी जानकारी है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग के बाद भूली मोड़ इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।









