हजारीबाग : बड़कागांव वन क्षेत्र के जोराकाठ जंगल में बुधवार को एक हाथी का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने हाथी को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों और वन सुरक्षा समिति के सदस्यों को इसकी सूचना दी। हाथी की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई।
Read More : SSC की परीक्षाओं को लेकर रांची में निषेधाज्ञा, 200 मीटर तक प्रतिबंध
झुंड के अन्य हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण चिंतित
ग्रामीणों के अनुसार, मृत हाथी जिस झुंड का हिस्सा था, उसके अन्य हाथी भी आसपास के जंगलों में मौजूद हैं। इस वजह से जंगल से सटे गांवों के लोगों में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि झुंड के हाथियों की आवाजाही से जन-धन का नुकसान हो सकता है।
मौत के कारणों का पता लगाने में जुटा वन विभाग
हाथी का शव मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा जांच और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग आसपास के जंगलों में मौजूद हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर भी नजर रख रहा है।






