रांची : राजधानी रांची में बिजली के खंभों पर बेतरतीब ढंग से लटकते इंटरनेट फाइबर केबल को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने संबंधित कंपनियों को तीन दिनों के भीतर केबल व्यवस्थित करने का निर्देश दिया है। पहले चरण में कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक केबलों को व्यवस्थित किया जाएगा। तय समयसीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
Read More : Mr. Faisu की शादी की तस्वीरें वायरल, मदीना में हुआ निकाह
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में आज यानी शनिवार को इंटरनेट फाइबर सेवा प्रदाता कंपनियों, दूरसंचार अवसंरचना एजेंसियों, केबल ऑपरेटरों और बिजली विभाग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें रिलायंस, EDIPL, इंडस टावर, प्रोटो और बीएसएनएल समेत संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
पहले भी दिए गए थे निर्देश, अब…
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि बिजली के खंभों पर लगे ओवरहेड फाइबर केबल को व्यवस्थित करने के लिए संबंधित कंपनियों को पहले भी कई बार मौखिक और लिखित निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केबल बिछाने और उनके रखरखाव में उचित व्यवस्था नहीं अपनाने से शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। प्रमुख सड़कों पर बिजली के खंभों से बेतरतीब ढंग से लटकते तार रांची की छवि को खराब कर रहे हैं। अपर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों को अंतिम अवसर देते हुए निर्देश दिया कि शहर के विभिन्न मार्गों पर लटकते और अव्यवस्थित फाइबर केबल को जल्द व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक तीन दिनों में काम पूरा करने का निर्देश
बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ कचहरी रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली के खंभों पर बेतरतीब ढंग से लटकते फाइबर केबल दिखाए और बताया कि इनसे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक सभी लटकते और अव्यवस्थित केबल व्यवस्थित किए जाएं। इसके बाद शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से केबलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। साथ ही भविष्य में केबल लगाने और उनके रखरखाव के दौरान निर्धारित मानकों तथा सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया।
बिजली विभाग तैयार कर रहा केबल लगाने की SOP
बैठक में बिजली विभाग के प्रतिनिधि ने बताया कि बिजली के खंभों पर इंटरनेट फाइबर केबल लगाने और उन्हें व्यवस्थित रखने के लिए विभाग मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर रहा है। इसके तहत संबंधित एजेंसियों को अपने फाइबर केबल और तार निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित करने होंगे। इससे बिजली के खंभों पर अनियंत्रित और बेतरतीब तरीके से केबल लगाने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण करने में मदद मिलेगी। अपर नगर आयुक्त ने सभी एजेंसियों को नगर निगम और बिजली विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता और सार्वजनिक अवसंरचना को प्रभावित करने वाली समस्याओं के समाधान के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को गंभीरता दिखानी होगी।
शहर को व्यवस्थित रखना नगर निगम की प्राथमिकता
संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि रांची को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों को अपने केबल नेटवर्क का उचित रखरखाव करना होगा और सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था पैदा होने से रोकना होगा। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा में निर्देशों का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों से समय पर काम पूरा कर शहर की सुंदरता और सुव्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।



