रांची : झारखंड के नवनियुक्त सूचना आयुक्त और वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा का रविवार को रांची प्रेस क्लब की ओर से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ‘सूचना का अधिकार : पारदर्शिता, जवाबदेही और पत्रकारिता’ विषय पर संवाद आयोजित किया गया, जिसमें सूचना के अधिकार कानून की उपयोगिता, शासन में पारदर्शिता और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
Read More : रांची में रामविलास पासवान की जयंती पर श्रद्धांजलि, भारत रत्न की मांग फिर उठी
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं पद्मश्री सम्मानित बलबीर दत्त ने की। उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कानून है। उन्होंने स्वीडन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लगभग 250 वर्षों से सूचना तक पहुंच की व्यवस्था और परंपरा है, जिसके कारण वह दुनिया के सबसे पारदर्शी और न्यूनतम भ्रष्टाचार वाले देशों में शामिल है।
सूचना के अधिकार की उपयोगिता पर जोर
बलबीर दत्त ने कहा कि अनुज कुमार सिन्हा के पास पत्रकारिता का लंबा और समृद्ध अनुभव है। ऐसे में उनसे अपेक्षा है कि वे सूचना आयुक्त के रूप में अपने दायित्वों और चुनौतियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्र ने सूचना का अधिकार अधिनियम की विभिन्न धाराओं और उसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस कानून के प्रति केवल पत्रकारों ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के बीच भी व्यापक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, सूचना का अधिकार लोकतंत्र में नागरिकों को सशक्त बनाता है और प्रशासन को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
Read More : परिसीमन को लेकर झारखंड प्रतिनिधिमंडल की के. राजू से मुलाकात, आदिवासी आरक्षित सीटें बढ़ाने की मांग
जनहित और पारदर्शिता को बताया प्राथमिकता
अपने संबोधन में सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्हें मिली नई जिम्मेदारी केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरी पत्रकार बिरादरी का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार कानून की मूल भावना के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का प्रयास रहेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रजत गुप्ता, किसलय, दीपक अंबष्ठ, प्रकाश सहाय, प्रमोद झा और अजय कुकरेती सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। रांची प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी, सचिव अभिषेक सिन्हा, सह सचिव चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिन्हा, राजन बॉबी, प्रतिमा कुमारी, चंदन वर्मा और सौरभ शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया।
Read More : रांची में शुरू हुआ ऑर्किड समागति कैंसर सेंटर, झारखंड-बिहार के मरीजों को मिलेगी राहत
इसके अलावा प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सोरेन, पूर्व सचिव अमरकांत, पूर्व सचिव अखिलेश सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष पिंटू दुबे, पूर्व उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरि, पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, भारत भूषण प्रसाद, दीपक ओझा, वेदप्रकाश, देवेंद्र सिंह, मृदुला संतोष, सुनील गुप्ता, संतोष गुप्ता, हिमांशु शेखर, जगदीश सिंह, राकेश सिंह, अशोक द्विवेदी, मनोज शर्मा, मनीष झा, अंकुर सिन्हा सहित अनेक पत्रकार समारोह में मौजूद रहे।



