रांची : झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू 1 नवंबर को हुई रैली के बाद पहली बार रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन का तीसरा चरण शुरू कर दिया है। इस चरण में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरे राज्य में घूम-घूमकर वैध मतदाताओं को उनका वोट देने का हक दिलाने के लिए अभियान चलाएंगे। के राजू ने कहा कि कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम करेगी। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ-बूथ जाकर मतदाता सूची खंगालेंगे, ताकि किसी भी वैध वोटर का नाम सूची से कटने न पाए।
Read More : कोडरमा में शिक्षक के निलंबन पर छात्राओं का हंगामा, वापस बुलाया स्कूल
वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की तारीख बढ़ाने का आग्रह
के राजू ने कहा कि वह मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की समयसीमा बढ़ाने का आग्रह करेंगे। उनका कहना था कि जिस तरह 19 लाख वोट काटे गए हैं, उतने मतदाताओं के नाम इतने कम समय में दोबारा जुड़वाना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर इस दिशा में काम करेंगे। पार्टी का प्रयास होगा कि किसी भी वैध मतदाता का मतदान का अधिकार न छीना जाए।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में झारखंड आ सकते हैं राहुल गांधी
कांग्रेस प्रभारी के राजू ने राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवंबर के तीसरे सप्ताह में राहुल गांधी के झारखंड आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मिलकर आंदोलन के तीसरे चरण के सभी कार्य पूरे कर लेंगे।
रामलीला मैदान की रैली पर क्या बोले के राजू?
रांची एयरपोर्ट पर के राजू के साथ कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी भी मौजूद थे। रामलीला मैदान की रैली को भाजपा द्वारा फ्लॉप बताए जाने पर के राजू ने कहा कि आजादी में भाजपा का कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद रामलीला मैदान की रैली में मौजूद थे और रैली पूरी तरह सफल रही। के राजू ने कहा कि मतदाताओं के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है। सभी कार्यकर्ता मिलकर इस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे।



