कोडरमा : कोडरमा के शहर स्थित सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में बुधवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण सिंह के निलंबन को लेकर छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। अपने शिक्षक के समर्थन में छात्राएं सड़क पर उतर आईं और विभागीय कार्रवाई वापस लेने की मांग करने लगीं। निलंबन का आदेश मिलने के बाद जब शशि भूषण सिंह स्कूल से बाहर निकल रहे थे, तभी छात्राओं ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद छात्राएं उन्हें वापस खींचकर स्कूल के अंदर ले गईं। इस पूरे घटनाक्रम से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
Read More : रांची में दिवाली और छठ पर पटाखों को लेकर पुलिस ने जारी किए निर्देश
शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार का दिया हवाला
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि शशि भूषण सिंह के विद्यालय में पदस्थापित होने के बाद पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। उनके अनुसार, विद्यालय का शैक्षणिक परिणाम भी पहले की तुलना में बेहतर हुआ है। छात्राओं ने कहा कि ऐसे में प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने विभाग से निलंबन का आदेश वापस लेने की मांग की।
निलंबन वापस लेने की मांग पर अड़ी छात्राएं
छात्राओं ने स्पष्ट किया कि वे अपने शिक्षक के निलंबन के फैसले के खिलाफ हैं। उनका कहना है कि जब तक विभाग अपना फैसला वापस नहीं लेता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।



