रांची में बच्चों को बताया गया अच्छे-बुरे स्पर्श का अंतर, डालसा ने चलाया अभियान

रांची : बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सुरक्षित बचपन का महत्व समझाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को शॉर्ट फिल्म के माध्यम

डालसा

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सुरक्षित बचपन का महत्व समझाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। डीएवी पब्लिक स्कूल, बरियातू में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को शॉर्ट फिल्म के माध्यम से जागरूक किया गया। इस दौरान बाल अनुकूल कानूनी सेवा योजना-2024, पॉक्सो एक्ट और बच्चों को मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।

Read More : हेमंत सोरेन को 3,044 युवाओं के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का न्योता

यह कार्यक्रम झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सह झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची के न्यायायुक्त सह डालसा अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डालसा सचिव राकेश रौशन ने किया।

18 साल से कम उम्र के बच्चों को मुफ्त कानूनी सहायता

डालसा सचिव राकेश रौशन ने बच्चों के लिए बाल अनुकूल कानूनी सेवा योजना-2024 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य देश के हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण और मुफ्त न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी बच्चे को कानूनी मामला दर्ज कराने या अपना बचाव करने के लिए वकील, परामर्श और अदालती प्रक्रिया का खर्च विधिक सेवा प्राधिकरण उठाता है। राकेश रौशन ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित माहौल देना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और बाल यौन शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता फैलाना डालसा की प्राथमिकताओं में शामिल है।

POCSO एक्ट और सुरक्षित बचपन अभियान की दी जानकारी

कार्यक्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के सुरक्षित बचपन अभियान के बारे में भी बताया गया। इसके तहत बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम-2012 (POCSO Act) के प्रावधानों की जानकारी दी जा रही है। बच्चों को बताया गया कि पॉक्सो कानून 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन उत्पीड़न, यौन हमला और अश्लील उद्देश्यों के लिए होने वाले शोषण से सुरक्षा प्रदान करता है।

डालसा सचिव ने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी तरह का यौन अपराध होने की जानकारी मिले तो चुप नहीं रहना चाहिए। इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित सक्षम पदाधिकारी को देनी चाहिए। दिव्यांग बच्चों के लिए भी विशेष सहायता व्यवस्था की जानकारी दी गई। इसके तहत उनकी भाषा और समझ के अनुसार कानूनी अधिकारों और अदालती प्रक्रिया को समझाने में मदद की जाती है।

परेशानी होने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

राकेश रौशन ने बताया कि यदि पुलिस से सहायता नहीं मिलती है तो पीड़ित या उनके परिजन डालसा सचिव के पास आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों और उपस्थित लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।

  • 15100: नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन

  • 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन

  • 112: पुलिस हेल्पलाइन

  • 1930: साइबर हेल्पलाइन

शॉर्ट फिल्म से समझाया अच्छे और बुरे स्पर्श का अंतर

कार्यक्रम में मध्यस्थ पीएन सिंह ने कहा कि स्वस्थ बच्चों से ही मजबूत भारत का निर्माण हो सकता है। उन्होंने बच्चों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी असहज परिस्थिति का सामना करने पर बच्चे डरें नहीं और अपनी बात छिपाने के बजाय किसी नजदीकी विश्वसनीय व्यक्ति या परिवार के सदस्य को बताएं। कार्यक्रम के दौरान शॉर्ट फिल्म के जरिए बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया।

हर जिले में गठित है बाल कानूनी सेवा इकाई

डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि बाल अनुकूल कानूनी सेवा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए देश के प्रत्येक जिले में समर्पित बाल कानूनी सेवा इकाई (LSUC) बनाई गई है। इस इकाई में डालसा सचिव, कानूनी सलाहकार, पैनल अधिवक्ता और पैरा-लीगल वॉलंटियर्स (PLV) शामिल हैं। योजना के तहत विधिक सहायता क्लीनिक, पुलिस थानों, बाल कल्याण समितियों (CWC) और किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के माध्यम से बच्चों को कानूनी सुरक्षा दी जाती है। इसके साथ ही बच्चों को शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने का भी प्रावधान है।

कार्यक्रम में डालसा सचिव राकेश रौशन, मध्यस्थ पीएन सिंह, डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, डीएवी पब्लिक स्कूल बरियातू की प्रधानाध्यापिका झुमा महता, पीएलवी गणेश कुमार, मानव कुमार सिंह, रिषव जयसवाल और स्नेहलता दुबे समेत स्कूल के छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *