रांची / लोहरदगा। भाजपा लोहरदगा जिला इकाई ने जिले के महिला इंटर एवं उच्च शिक्षा संस्थान मधुसूदन लाल अग्रवाल महिला महाविद्यालय में इंटरमीडिएट नामांकन के लिए सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने झारखंड के राज्यपाल सेतोष कुमार गंगवार के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपते हुए तत्काल सीटों की संख्या में बढ़ाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से भाजपा नेताओं ने कहा कि मधुसूदन लाल अग्रवाल महिला महाविद्यालय लोहरदगा जिले सहित आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख और एकमात्र महिला शिक्षण संस्थान है। यहां जिले के विभिन्न वर्गों और समुदायों से आने वाली छात्राएं इंटरमीडिएट और उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवारने का कार्य करती हैं। ऐसे में नामांकन के लिए निर्धारित सीटों की संख्या में कटौती करना छात्राओं के हितों के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा इंटरमीडिएट नामांकन के लिए पूर्व में निर्धारित 512 सीटों को घटाकर 384 कर दिया गया है, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं हैं। इससे बड़ी संख्या में छात्राओं के नामांकन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और आर्थिक रूप से कमजोर तथा ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया गया कि कुछ वर्ष पूर्व तक इस महाविद्यालय में इंटरमीडिएट नामांकन के लिए लगभग 1200 सीटें उपलब्ध थीं। समय के साथ इन सीटों की संख्या लगातार कम की जाती रही और अब इसे घटाकर मात्र 384 कर दिया गया है। भाजपा नेताओं ने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह कहीं न कहीं छात्राओं को शिक्षा से वंचित करने की दिशा में उठाया गया कदम प्रतीत होता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण को लेकर लगातार अभियान चला रही हैं। “बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ” जैसे अभियान तभी सार्थक होंगे जब छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यदि छात्राओं को नामांकन के लिए सीटें ही उपलब्ध नहीं होंगी तो सरकार के ऐसे नारों का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा।
पर्याप्त संख्या में सीटें बढ़ाई जाएं
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य भी महिलाओं और बेटियों को आगे बढ़ाना है, लेकिन यदि छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर नहीं मिलेगा तो ऐसी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज तक नहीं पहुंच पाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थिति छात्राओं के लिए सम्मान नहीं बल्कि अपमान का विषय बन सकती है। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से मांग की कि मधुसूदन लाल अग्रवाल महिला महाविद्यालय में इंटरमीडिएट नामांकन के लिए अविलंब पर्याप्त संख्या में सीटें बढ़ाई जाएं, ताकि जिले की कोई भी छात्रा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को समान अवसर प्राप्त हो सके।
पार्टी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र ही सीटों की संख्या में वृद्धि नहीं की गई तो भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी और छात्राओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।




