रांची : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की कानून व्यवस्था पूरी तरह सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है और राज्य में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
दीनदयाल बरनवाल ने कहा कि सरकार की प्रशासनिक विफलता और अपराध नियंत्रण के प्रति इच्छाशक्ति की कमी के कारण आम जनता भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर है। उनके अनुसार, हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।
Read More :
रांची और जमशेदपुर की घटनाओं का किया जिक्र
BJP प्रवक्ता ने अपने बयान में जमशेदपुर और रांची की हालिया आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस वैन से खींचकर हिमांशु की हत्या और मानगो में राहुल की हत्या जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रांची के अशोक नगर क्षेत्र में चोरी और डकैती की घटनाएं पुलिस व्यवस्था की विफलता को दर्शाती हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध कानून व्यवस्था की स्थिति को उजागर करते हैं।
Read More :
सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग
दीनदयाल बरनवाल ने कहा कि केवल पुलिस अधिकारियों के तबादले या निलंबन से अपराध पर नियंत्रण संभव नहीं है। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए स्पष्ट नीति, सख्त प्रशासनिक इच्छाशक्ति और प्रभावी कानून व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की औद्योगिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किए बिना निवेशकों को आकर्षित करने के प्रयास सफल नहीं होंगे। भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और प्रदेश में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।
Read More :




