गिरिडीह: गांधी चौक के पास जमीन विवाद में 75 वर्षीय मनजीत सिंह बग्गा पर घर में घुसकर हुए जानलेवा हमले में घायल बग्गा का इलाज मर्सी हॉस्पिटल में चल रहा है। जहां घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी मर्सी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने घायल से मुलाकात कर हाल-पूछताछ की और सरकार तथा प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गिरिडीह जैसे शहर में इस तरह की वारदात हो रही है, तो सरकार इसे किस नजरिए से देख रही है? उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए पूछा कि शहर के भीतर ऐसी घटना कैसे हो रही है। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति पर हमला हुआ, वह झामुमो से जुड़ा है। ऐसे में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
also read : रांची एयरपोर्ट पर कोहरे का असर, चार फ्लाइट घंटों लेट और एक रद्द
मामला नगर थाना क्षेत्र का है। घायल के अनुसार, यादव होटल के बगल में स्थित उनका पुश्तैनी मकान रिश्तेदारों के बीच बंटवारे के बाद उन्हें मिला था। आरोप है कि एक रिश्तेदार ने विवादित जमीन कारोबारी धर्मेंद्र शर्मा को बेच दी और इस संपत्ति से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में लंबित है।
मनजीत सिंह बग्गा का आरोप है कि बीते सोमवार की देर रात करीब 12 बजे के बाद धर्मेंद्र शर्मा, उसका भाई सुधीर शर्मा और अन्य लोग उनके घर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही सभी जबरन घर में घुस गए और रॉड से हमला कर दिया, जिसमें उनको काफी चोट आई है और कंधे की हड्डी टूट गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का मर्सी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. आरोप है कि हमलावरों ने उनकी पत्नी और बहन के मोबाइल फोन छीनकर दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया।
बेटे को घटना की जानकारी मिलने पर उसके दोस्तों और स्थानीय लोगों के पहुंचने से हमलावर भागने लगे। लोगों ने मौके से सलीमउद्दीन अंसारी नामक एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल के बेटे नमन सिंह बग्गा ने आरोप लगाया कि उनके परिवार पर सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों ने हमला किया है।
उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच पुलिस कर रही है। घटना ने गिरिडीह में जमीन विवाद और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबकी नजर अब पुलिस की जांच और आरोपियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर है।
also read : जीईएल चर्च के बिशप सीमांत तिर्की का निधन, ईसाई समुदाय में शोक की लहर, कल होगी अंतित विदाई



