देवघर : देवघर जिले के नंदन पहाड़ पर बदमाशों ने रात के अंधेरे में ऐसी वारदात कर दी, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। बदमाश SBI के ATM का शटर काटकर अंदर घुसे और पूरी की पूरी एटीएम मशीन ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। इस दौरान बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। उनकी पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे से 4:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर कुछ बदमाश नंदन पहाड़ स्थित SBI ATM के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ATM का शटर काटा और मशीन को ही उखाड़ लिया। मशीन लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
Read More : पुरुलिया में दर्दनाक हादसा, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से मचा कोहराम
SDPO कुलदीप कुमार ने कहा कि…
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अब CCTV फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए टीम भी लगा दी है। इस मामले में SDPO कुलदीप कुमार ने मीडिया को बताया कि पूजा से पहले इस तरह की घटना निश्चित रूप से चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले को लेकर एक्टिव हो गई है और जांच के लिए एक स्पेशल टीम लगा दी गई है। SDPO कुलदीप कुमार ने यह भी बताया कि शहर के सभी बॉर्डर पर जांच तेज कर दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों को बिना जांच के आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। पुलिस हर तरफ नजर रख रही है, ताकि बदमाश शहर से बाहर न निकल पाएं।
स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता
इधर, ATM मशीन ही उखाड़कर ले जाने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब बदमाश शहर के अंदर से ATM मशीन तक उखाड़कर ले जा सकते हैं, तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी के बीच इस तरह की घटना पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती मानी जा रही है। बदमाशों ने जिस तरह ATM को ही निशाना बनाया और मशीन लेकर फरार हो गए, उससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।





