जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के व्यस्त साकची बाजार में शुक्रवार को फल व्यापारी के एक कर्मचारी के साथ कथित तौर पर खुलेआम मारपीट की गई। घटना के दौरान बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक कर्मचारी के साथ हाथापाई करता दिखाई दे रहा है। घटना के समय आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
Read More : रैगिंग और मारपीट के आरोपों से घिरा नवोदय विद्यालय, डीसी को बुलाने पर अड़े अभिभावक एवं ग्रामीण
स्थानीय लोगों के अनुसार, मानगो के शंकोसाई निवासी फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी की साकची बाजार स्थित फल गद्दी पर कर्मचारी माधव चातर काम कर रहे थे। इसी दौरान मोहम्मद फहीम वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद माधव चातर तथा एक अधेड़ व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथापाई के कारण बाजार में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बताया गया कि घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी समाज से संबंध रखते हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। मामले की जानकारी मिलने पर फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को इसकी सूचना दी। इसके बाद विकास सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद फहीम को हिरासत में ले लिया।
वीडियो भी जांच के दायरे में
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट की वजह क्या थी और विवाद किन परिस्थितियों में हुआ।
Read More : गुमला में आपसी विवाद बना हत्या की वजह, टांगी के वार से भाई की मौत



