पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता ने अपने दोनों बेटों की जान बचाते हुए अपनी जान गंवा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे अचानक नदी के गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। बच्चों को संकट में देख दामु हेंब्रम बिना देर किए नदी में कूद पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बेटों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया।
Read More : साकची बाजार में फल व्यापारी के कर्मचारी से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
बेटों को बचाया, खुद नहीं बच सके
दोनों बच्चों की जान बचाने के दौरान दामु हेंब्रम स्वयं नदी के गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर तुरंत गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ठेका मजदूर थे दामु हेंब्रम
बताया गया कि दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे। वे अपने सरल स्वभाव और मेहनतकश जीवन के लिए इलाके में पहचाने जाते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन दोनों बेटों को उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाया, उन्हें नया जीवन तो मिल गया, लेकिन हमेशा के लिए पिता का साया सिर से उठ गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
Read More : रैगिंग और मारपीट के आरोपों से घिरा नवोदय विद्यालय, डीसी को बुलाने पर अड़े अभिभावक एवं ग्रामीण




