रांची: श्री मैंढ क्षत्रिय स्वर्णकार सभा के तत्वावधान में श्री सती सावित्री माता कोटड़ी वाली मैया जी का तृतीय वार्षिक महोत्सव सह मंगलपाठ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ दिगंबर जैन भवन,रांची में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की और मंगलमय वातावरण में भक्ति का आनंद लिया।महोत्सव के अवसर पर माता श्री सती सावित्री कोटड़ी वाली मैया जी का भव्य, आकर्षक एवं नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों, आभूषणों एवं सुंदर सजावट से माता का दरबार विशेष रूप से सुसज्जित किया गया था।
मंगलपाठ में 101 महिलाओं ने राजस्थानी वेशभूषा में लिया भाग, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
श्रद्धालुओं के लिए माता के दर्शन का विशेष प्रबंध किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई तथा माता को सवामणि भोग एवं छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने माता के समक्ष सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात कोलकाता से पधारे प्रसिद्ध मंगलपाठ वाचक दीपक वर्मा एवं प्रीति वर्मा ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण वाणी से श्री सती सावित्री माता का मंगलपाठ प्रस्तुत किया। मंगलपाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। विशेष आकर्षण के रूप में 101 महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में चुनरी ओढ़कर मंगलपाठ में सहभागिता निभाई।
माता के भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते रहे
महिलाओं की सामूहिक भागीदारी ने कार्यक्रम की भव्यता और धार्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया।मंगलपाठ के उपरांत भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक मदन मोहन सोनी, मनीष सोनी, विकास सुगंध एवं कैलाशी ने एक से बढ़कर एक मधुर एवं भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। माता के भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते रहे। पूरे सभागार में जयकारों और भक्तिमय संगीत से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।कार्यक्रम के दौरान सभा के पदाधिकारियों ने मंगलपाठ वाचकों एवं भजन गायकों तथा आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
सभा के मीडिया प्रभारी मनीष सोनी ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी परंपरा, संस्कार एवं धार्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष ओम प्रकाश सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष विष्णु सोनी, सचिव कन्हैया सोनी, प्रतीक वर्मा, किशन सोनी, अमित तोसवाड़, वीरेन्द्र कुमार, मनीष सोनी,अमित कुमार सोनी, विकास सोनी शंकर सोनी अरुणसोनालिया, राजकुमार मोसून, नीलू सोनी, मनोज बेवरवाल,छगनलाल सोनी प्रदीप सोनी, शिखा तोसावर, तनु सोनी सोनू सोनी, सोनम सोनी, अंजू सोनी, बबली सोनी, रानी सोनी,सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में माता की विधिवत महाआरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया और इसी के साथ तृतीय वार्षिक महोत्सव सह मंगलपाठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।






