रांची : रांची में बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से 8 सितंबर 2026 को एस.एस. डोरंडा हाई स्कूल में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य मेधावी और जरूरतमंद पृष्ठभूमि की छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सहयोग देना था। कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक श्री लाल सिंह, भुवनेश्वर अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री शरत कुमार पाणिग्राही, रांची क्षेत्र के उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख श्री नीलमणि, रांची क्षेत्र के सहायक महाप्रबंधक एवं उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री स्वप्निल श्रीवास्तव सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Read More : श्रीकृष्ण कथा के तीसरे दिन बोले आचार्य कुलदीप, गौ भारतीय मनीषा की धुरी
10 सरकारी स्कूलों को मिली सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान चयनित कुल 10 सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर और वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग और पाठ्य सामग्री का वितरण भी किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के इस सहयोग से विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। बैंक की ओर से इसे शिक्षा और बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में CSR पहल के रूप में बताया गया।
विद्यार्थियों को वित्तीय जागरूकता की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशक श्री लाल सिंह ने विद्यार्थियों को बचत की आदत और बैंक खाते के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और साइबर सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। श्री लाल सिंह ने बैंक की ओर से सामाजिक दायित्व के तहत किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि बैंक आगे भी विभिन्न माध्यमों से उनकी पढ़ाई में सहयोग करता रहेगा। बैंक ऑफ बड़ौदा की यह पहल जरूरतमंद पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






